बिहार की राजधानी पटना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात भू-माफिया संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे एनएच-31 पर खुसरूपुर थाना क्षेत्र के हेमजापुर गांव के पास उस समय दबोचा, जब वह भागने की कोशिश कर रहा था।
ऑटोमैटिक पिस्टल, मैगजीन और 3 जिंदा कारतूस बरामद
फतुहा एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन के पास से अमेरिका निर्मित अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल, एक मैगजीन और 3 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा तलाशी के दौरान 18,900 रुपये नकद और एक सोने की चेन भी बरामद हुई है।
न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की प्रक्रिया तेज
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ खुसरूपुर थाना कांड संख्या 446/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a, 26 और 35 में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नालंदा जिले का रहने वाला है संतोष डॉन
एसडीपीओ ने बताया कि संजय कुमार उर्फ संतोष डॉन पटना का कुख्यात भू-माफिया है। उसका वर्तमान पता पंचरुखिया गांव, थाना खुसरूपुर, जिला पटना जबकि स्थायी पता खिदरचक गांव, थाना भागन बिगहा (रहुई), जिला नालंदा है।
28 से अपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, संतोष डॉन के खिलाफ कुल 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह तीन मामलों में वांछित चल रहा था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।
संतोष डॉन के आपराधिक नेटवर्क की जांच तेज
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खुसरूपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके अन्य सहयोगियों के संबंध में आगे की जांच जारी है।
अब संतोष डॉन के गैंग की बारी
संतोष डॉन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की टीम उससे उसके गैंग का पता लगाएगी और उनको गिरफ्तार करने के बाद उनसे पूछताछ करेगी। बिहार के जिन-जिन जिलों में संतोष डॉन अपना गैंग चलाता था। पुलिस उन सभी जगहों पर संतोष डॉन को लेकर जा सतती है। संतोष डॉन की गिरफ्तारी पटना पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है।
बिट्टू कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
समस्तीपुर में थाना परिसर में फंदे से लटका मिला ASI का शव, जांच में जुटी पुलिस