1. Hindi News
  2. बिहार
  3. PM मोदी कल पहुंचेंगे बिहार के मधुबनी, देश को देंगे 13,500 करोड़ रुपये की सौगात

PM मोदी कल पहुंचेंगे बिहार के मधुबनी, देश को देंगे 13,500 करोड़ रुपये की सौगात

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Apr 23, 2025 08:28 pm IST,  Updated : Apr 23, 2025 11:40 pm IST

पीएम मोदी गुरुवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के मौके पर बिहार के मधुबनी से देश भर में ग्राम सभाओं को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी यहां से देश को 13,500 करोड़ रुपये की लागत की परियोजनाएं समर्पित करेंगे।

बिहार का दौरा करेंगे पीएम मोदी।- India TV Hindi
बिहार का दौरा करेंगे पीएम मोदी। Image Source : PTI

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर बिहार का दौरा करेंगे। पीएम मोदी मधुबनी जिले से देश भर के पंचायती राज संस्थानों (पीआरआई) और ग्राम सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही पीएम मोदी स्पेशल कैटेगरी के राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 भी प्रदान करेंगे। पीएम मोदी इस समारोह में देश को समर्पित कई प्रमुख कल्याणकारी परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनका शिलान्यास भी करेंगे।

13,500 करोड़ रुपये की सौगात

जानकारी के मुताबिक, इस साल राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस को ग्रामीण विकास मंत्रालय, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय, बिजली मंत्रालय, रेल मंत्रालय, और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की भागीदारी के साथ 'संपूर्ण-सरकार' दृष्टिकोण के तौर पर एक कार्यक्रम के रूप में मनाया जा रहा है। पीएम मोदी इन मंत्रालयों से जुड़ी कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और उन्हें देश को समर्पित करेंगे।

पीएम मोदी देश को जो सौगात देंगे उनमें एलपीजी बॉटलिंग प्लांट, विद्युतीकरण परियोजनाएं, आवास योजनाएं, रेलवे अवसंरचना और सड़क विकास शामिल हैं। इन परियोजनाओं की लागत करीब  13,500 करोड़ रुपये है। पीएम मोदी के इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण और शहरी) और दीनदयाल अंत्योदय योजना- राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। इन परियोजनाओं की मदद से ग्रामीण भारत, विशेष रूप से बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी, सेवाओं और आर्थिक अवसरों के माध्यम से काफी लाभ होगा।

अमृत भारत और नमो भारत रैपिड रेल की सौगात

पीएम मोदी बिहार में सहरसा और मुंबई के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस, जयनगर और पटना के बीच नमो भारत रैपिड रेल और पिपरा और सहरसा व सहरसा और समस्तीपुर के बीच ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम मोदी क्षेत्र में बिजली के बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए 1,170 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके साथ ही बिहार में बिजली क्षेत्र में 5,030 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। 

राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम में पीएम मोदी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को मान्यता प्रदान करेंगे और उन्हें प्रोत्साहित करते हुए राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार भी देंगे।

सीएम नीतीश भी कार्यक्रम में होंगे 

मधुबनी जिले के झंझारपुर ब्लॉक के लोहना उत्तर ग्राम पंचायत में पीएम मोदी के कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ​​ललन सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, बिहार के पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता समेत कई नेता और अधिकारी शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें- पहलगाम आतंकी हमले पर तेजस्वी यादव ने दी प्रतिक्रिया, बोले- पूरा देश एक साथ खड़ा है

नीतीश के अति पिछड़ा वोटबैंक पर कांग्रेस की नजर, शुरू किया ‘जाति नहीं, जमात’ अभियान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।