1. Hindi News
  2. बिहार
  3. तेज प्रताप यादव के सामने डांस करने वाले पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, किया गया लाइन हाजिर, दूसरे सिपाही को मिली ड्यूटी

तेज प्रताप यादव के सामने डांस करने वाले पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, किया गया लाइन हाजिर, दूसरे सिपाही को मिली ड्यूटी

 Reported By: Nitish Chandra Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Mar 16, 2025 11:16 am IST,  Updated : Mar 16, 2025 11:16 am IST

तेज प्रताप यादव के निर्देश का पालन करते देखे गए कांस्टेबल दीपक कुमार (अंगरक्षक) को हटा दिया गया है और उनकी जगह दूसरे सिपाही को अंगरक्षक में प्रतिनियुक्त किया गया है।

Tej Pratap Yadav- India TV Hindi
तेज प्रताप यादव Image Source : INDIA TV

पटना: पूर्व सीएम लालू यादव के बेटे और विधायक तेज प्रताप यादव के इशारे पर डांस करना पुलिसकर्मी को महंगा पड़ गया है। तेज प्रताप यादव के निर्देश का पालन करते देखे गए कांस्टेबल दीपक कुमार (अंगरक्षक) को हटा दिया गया है और उनकी जगह दूसरे सिपाही को अंगरक्षक में प्रतिनियुक्त किया गया है। ये जानकारी पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से सामने आई है। डांस करने वाले पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर भी किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल तेज प्रताप यादव ने होली के मौके पर एक पुलिसकर्मी को धमकी दी और जबरन नाचने पर मजबूर किया था। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था, इसमें तेजप्रताप यादव स्टेज पर बैठे दिखाई दे रहे हैं और माइक लेकर नीचे बैठे लोगों को निर्देश दे रहे हैं। इस बीच वह एक पुलिसकर्मी को 'ठुमका लगाने' के लिए कहते हैं। इसके साथ ही उनकी बात नहीं मानने पर सस्पेंड कराने की धमकी भी दे रहे हैं। यह वीडियो पटना में तेजप्रताप यादव के घर पर आयोजित कार्यक्रम का है। तेज प्रताप यादव का यह वीडियो सामने आने के बाद बिहार की राजनीति गरमा गई है। जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने इस वीडियो पर कहा कि अब बिहार में ऐसी हरकतों के लिए जगह नहीं है।

तेजप्रताप यादव का यह वीडियो सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, 'जैसा बाप वैसा बेटा। पहले, पिता तत्कालीन सीएम के रूप में कानून को अपने इशारों पर नचाते थे और बिहार को जंगल राज में बदल देते थे। अब बेटा सत्ता से बाहर होने के बावजूद धमकी और दबाव के जरिए कानून और कानून के रक्षकों को अपने इशारों पर नचाने की कोशिश करता है। वह पुलिस कर्मियों को नहीं नाचने पर निलंबित करने की धमकी देता है। इससे पता चलता है कि राजद जंगल राज में विश्वास करता है। अगर वे गलती से भी सत्ता में आ गए, तो वे कानून तोड़ेंगे और कानून के रक्षकों को नचाएंगे। यह एक ट्रेलर है। इसलिए, उन्हें सत्ता से दूर रखना जरूरी है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।