1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार को इस मामले में समावेशी विकास करने की जरूरत, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी सलाह

बिहार को इस मामले में समावेशी विकास करने की जरूरत, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी सलाह

 Published : Feb 25, 2025 05:17 pm IST,  Updated : Feb 25, 2025 05:22 pm IST

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को बिहार में पटना मेडिकल कॉलेज के शताब्दी समारोह में भाग लिया। राष्ट्रपति ने दौरान बिहार सरकार को एक खास सलाह भी दी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बिहार सरकार को सलाह।- India TV Hindi
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बिहार सरकार को सलाह। Image Source : X (@RASHTRAPATIBHVN)

भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को बिहार का दौरा किया है। राष्ट्रपति ने राजधानी पटना के बापू सभागार में पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (PMCH) के शताब्दी समारोह को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मू बिहार सरकार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने चिकित्सा बुनियादी ढांचे के समग्र विकास के लिए काफी काम किया है। हालांकि, राष्ट्रपति ने आगे ये कहा कि बिहार में समावेशी स्वास्थ्य सुविधाओं को और ज्यादा विकसित किए जाने की जरूरत है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने दी ये सलाह

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा- " मुझे खुशी है कि बिहार सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए अनेक उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। PMCH के पुनर्विकास की योजना भी इनमें से एक कदम है।" उन्होंने आगे कहा- ‘‘बिहार सरकार ने चिकित्सा बुनियादी ढांचे के समग्र विकास के लिए बहुत कुछ किया है, लेकिन राज्य में और अधिक समावेशी स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित किए जाने की आवश्यकता है। पीएमसीएच को कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज, अनुसंधान के लिए देश के अन्य अस्पतालों के साथ समन्वय करना चाहिए।’’

सीएम नीतीश ने क्या कहा?

पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के शताब्दी समारोह में बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा- "यहां (बिहार में) पहले क्या स्थिति थी। क्या लोग शाम के बाद घर से बाहर निकलते थे? और अब लोग, लड़के, लड़कियां देर रात तक घूमते हैं। कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। हमें केंद्र से भी मदद मिल रही है। इसमें कोई संदेह नहीं है कि बिहार बहुत विकास करेगा।"

कब हुई थी PMCH की स्थापना?

पटना में हुए इस कार्यक्रम में बिहार के राज्यपाल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा राज्य सरकार के कई अन्य मंत्री भी मौजूद थे। आपको बता दें कि PMCH को पहले ‘प्रिंस ऑफ वेल्स मेडिकल कॉलेज’ कहा जाता था। इसकी स्थापना 25 फरवरी, 1925 को हुई थी। (इनपुट: भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।