1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार: राहुल गांधी ने SIR को लेकर कार्यकर्ताओं को किया अलर्ट, बोले- 'BLO की हर गतिविधि पर रखें नजर'

बिहार: राहुल गांधी ने SIR को लेकर कार्यकर्ताओं को किया अलर्ट, बोले- 'BLO की हर गतिविधि पर रखें नजर'

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Amar Deep
 Published : Jul 15, 2025 02:44 pm IST,  Updated : Jul 15, 2025 02:44 pm IST

बिहार कांग्रेस के नेताओं को राहुल गांधी ने SIR को लेकर सतर्क रहने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सतर्क रहें ताकि घुसपैठियों और रोहिंग्या के नाम पर असली वोटर बाहर न हों।

राहुल गांधी ने बिहार चुनाव को लेकर की बैठक।- India TV Hindi
राहुल गांधी ने बिहार चुनाव को लेकर की बैठक। Image Source : PTI/FILE

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से पार्टियां तैयारी में जुट गई हैं। वहीं दूसरी ओर चुनाव से पहले वोटर लिस्ट रिवीजन का काम भी शुरू कर दिया गया है। इस बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने की सलाह दी है। राहुल गांधी ने SIR के दौरान कार्यकर्ताओं से BLO की हर गतिविधि पर नजर रखने की अपील की। बता दें कि राहुल गांधी ने बिहार कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की, जिसमें उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा की। 

कार्यकर्ताओं को दी नसीहत

दरअसल, बिहार कांग्रेस की बैठक करीब एक घंटे तक चली। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बिहार कांग्रेस के सभी नेताओं को SIR को लेकर सतर्क रहने की नसीहत दी। इसके अलावा उन्होंने BLO द्वारा की जा रही गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। राहुल गांधी ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दिनों में यह प्रक्रिया बंगाल, असम और देश के अन्य राज्यों में भी होगी, लिहाजा पार्टी नेताओं को ग्राउंड पर सतर्क रहना होगा। 

राजद से गठबंधन पर क्या बोले

राहुल गांधी ने बैठक में राजद के साथ सीटों पर सम्मानजनक समझौता करने का भी निर्देश पार्टी नेताओं को दिया। राहुल गांधी ने कहा कि राजद के साथ जो सीट शेयरिंग फॉर्मूला हो वो कांग्रेस के लिए सम्मानजनक होना चाहिए। बता दें कि बिहार में आने वाले विधानसभा चुनाव में एसआईआर के मुद्दे पर बिहार कांग्रेस के नेताओं के साथ पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 14 जुलाई को मुलाकात की। इस बैठक में सभी नेताओं ने SIR के मुद्दे पर पार्टी की क्या रणनीति होनी चाहिए, इस पर अपना पक्ष रखा।

कब होंगे बिहार चुनाव?

बिहार विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा चुनाव प्रक्रिया को इस तारीख से पहले पूरा किया जाना है। संभावना है कि चुनाव अक्टूबर या नवंबर 2025 में होंगे। चुनाव दो या तीन चरणों में संपन्न हो सकते हैं। अभी तक चुनाव आयोग ने तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। ऐसी उम्मीद है कि दिवाली और छठ जैसे त्योहारों को ध्यान में रखकर ही तारीखें तय की जाएंगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।