1. Hindi News
  2. बिहार
  3. राहुल गांधी ने युवाओं को व्हाइट टी-शर्ट में बेगूसराय क्यों बुलाया? बिहार यात्रा के सियासी मायने समझिए

राहुल गांधी ने युवाओं को व्हाइट टी-शर्ट में बेगूसराय क्यों बुलाया? बिहार यात्रा के सियासी मायने समझिए

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Apr 07, 2025 11:15 am IST,  Updated : Apr 07, 2025 11:53 am IST

रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक मिनट का वीडियो संदेश शेयर किया जिसमें उन्होंने बिहार के युवाओं से सफेद टी-शर्ट पहनकर मार्च में शामिल होने का आग्रह किया। सफेद टी-शर्ट क्यों इसका भी जवाब राहुल गांधी ने दिया है।

rahul gandhi- India TV Hindi
कांग्रेस नेता राहुल गांधी Image Source : PTI

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज मिशन बिहार पर हैं। आज वह बेगूसराय में पलायन रोको यात्रा में हिस्सा ले रहे हैं तथा पटना में दो कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। राहुल ने युवाओं से व्हाइट टी-शर्ट में आने को कहा है। यह जानकारी देते हुए कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि राहुल गांधी सुबह पटना पहुंचेंगे और ‘‘पलायन रोको, नौकरी दो’’ पर राज्यव्यापी पदयात्रा के लिए बेगूसराय जाएंगे।

क्या है व्हाइट टी-शर्ट मूवमेंट?

रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक मिनट का वीडियो संदेश शेयर किया जिसमें उन्होंने बिहार के युवाओं से सफेद टी-शर्ट पहनकर मार्च में शामिल होने का आग्रह किया। सफेद टी-शर्ट क्यों इसका भी जवाब राहुल गांधी ने दिया है कि इससे पूरी दुनिया को बिहार के नौजवानों का इमोशन दिखेगा। उन्होंने वीडियो में कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य बिहार के युवाओं की दुर्दशा की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करना है। ये युवा देख रहे हैं कि सरकारी नौकरियां दिन-प्रतिदिन कम होती जा रही हैं और निजीकरण से कोई लाभ नहीं हो रहा। अपने अधिकारों के लिए सरकार पर दबाव बनाने और उसे (सत्ता से) हटाने के लिए आवाज उठाएं।’’

राहुल की बिहार यात्रा के सियासी मायने क्या है?

जनवरी के बाद से राहुल गांधी का बिहार का यह तीसरा दौरा है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पिछले कई महीनों से राज्य में एक्टिव नजर आ रही है। कन्हैया कुमार की पदयात्रा के जरिए राहुल गांधी सियासी निशाना साधने की कोशिश करेंगे। इस पदयात्रा से बिहार में कांग्रेस की हवा मजबूत होगी। इस यात्रा में शामिल होकर राहुल एक तीर से कई निशाने करने की कोशिश में हैं। जहां कन्हैया कुमार अगड़ी जाति से हैं, तो प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार दलित वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। इसके अलावा विधानसभा में कांग्रेस के नेता शकील अहमद खान अल्पसंख्यकों को साधने में मदद करेंगे, तो युवाओं को पदयात्रा से जोड़कर राहुल बड़े वोट बैंक पर कब्जा कर सकते हैं।

कन्हैया कुमार का गृह जिला है बेगूसराय

बता दें कि राज्य में विधानसभा चुनाव बस कुछ ही महीने दूर हैं जिसमें राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस और वाम दलों वाले महागठबंधन का मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से है। सत्तारूढ़ राजग में जनता दल (यूनाइटेड) और भाजपा शामिल हैं। बेगूसराय, कन्हैया कुमार का गृह जिला भी है। वह पिछले महीने पूर्वी चंपारण जिले से शुरू हुई पदयात्रा में आकर्षण का केंद्र रहे हैं।

‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे राहुल

जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कुमार ने 2019 का लोकसभा चुनाव भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के टिकट पर बेगूसराय सीट से लड़ा था लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। राहुल गांधी बेगूसराय से पटना लौटेंगे और ‘संविधान सुरक्षा सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रमुख ने कहा, ‘‘इसके बाद वह पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए सदाकत आश्रम आएंगे।’’ 

यह भी पढ़ें-

'असली गिरगिट कौन', वक्फ बिल को लेकर बिहार में सियासी संग्राम, राजद और जदयू में जोरदार भिड़ंत

वक्फ संशोधन विधेयक पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, बोले- सरकार बनेगी तो इसे कूड़ेदान में फेंक देंगे

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।