1. Hindi News
  2. बिहार
  3. लालू के सांसद ने पहले यादवों को दी गंदी-गंदी की गालियां, VIDEO वायरल होने पर बोले- AI से बना है

लालू के सांसद ने पहले यादवों को दी गंदी-गंदी की गालियां, VIDEO वायरल होने पर बोले- AI से बना है

 Published : Jan 12, 2026 07:23 pm IST,  Updated : Jan 12, 2026 07:23 pm IST

राजद सांसद सुरेंद्र यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह यादव वोटरों को गंदी-गंदी गालियां देते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी प्रतिक्रिया सामने आई है।

jehanabad mp surendra yadav- India TV Hindi
जहानाबाद सांसद सुरेंद्र यादव Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के जहानाबाद से राजद सांसद सुरेंद्र यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी प्रतिक्रिया सामने आई है। सांसद ने वीडियो को फर्जी बताते हुए दावा किया कि यह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाया गया है। उन्होंने इसका ठीकरा मीडियाकर्मियों पर फोड़ते हुए कहा कि कुछ लोग क्षणिक पैसे के लालच में इस तरह के वीडियो बनाकर वायरल करते हैं। सुरेंद्र यादव ने कहा, इससे मेरा क्या नुकसान होगा? मेरी जनता में लोकप्रियता है। कुछ लोग मेरी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।''

'हम किसी के सामने गिड़गिड़ाने वाले नहीं'

उन्होंने मीडिया को चुनौती देते हुए कहा कि चाहे तो उनके खिलाफ मुकदमा कर दिया जाए, उन्हें किसी भी तरह का डर नहीं है। सांसद यहीं नहीं रुके। उन्होंने कहा, ''हम किसी के सामने न पैर पकड़ने वाले हैं, न गिड़गिड़ाने वाले।'' उन्होंने मीडियाकर्मियों पर पैसों की भूख होने का आरोप भी लगाया। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने मीडिया की आर्थिक स्थिति के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। सांसद ने कहा कि सरकार जरूरत पड़ने पर मीडिया का इस्तेमाल करती है और काम निकलने के बाद उन्हें नजरअंदाज कर देती है।

'...तो मीडियाकर्मियों के घरों में आर्थिक तंगी नहीं होती'

उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार छोटे और बड़े मीडियाकर्मियों के लिए एक निश्चित वेतनमान क्यों लागू नहीं करती। यदि ऐसा होता तो मीडियाकर्मियों के घरों में आर्थिक तंगी नहीं होती। उन्होंने उपस्थित मीडियाकर्मियों की ओर इशारा करते हुए सुरेंद्र यादव ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि अधिकांश पत्रकार बहुत संपन्न परिवारों से आते हैं। उन्होंने साजिश रचने वालों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे जो करना चाहते हैं करें, उन्हें किसी से माफी मांगने की जरूरत नहीं है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, गयाजी के खिजरसराय प्रखंड के सरैया के पास क्रिकेट टूर्नामेंट में सांसद साहब को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के बाद लौटने के क्रम में स्थानीय ग्रामीणों ने उनसे विकास को लेकर सवाल पूछ लिया जिस पर सांसद साहब तल्ख गए और जबाब देते वक्त भाषा की सारी मर्यादा तोड़ दी।

वायरल वीडियो में क्या है?

उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा, यहां से यादव का 15 हजार वोट राजद को मिला है। ऐसे में हम काम क्या करेंगे? यही नहीं वह कुछ लोगों का नाम लेकर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए कहा कि उन्होंने वोट किसी और को दिलवाया है। वीडियो में वह यादव वोटरों को गंदी-गंदी गालियां देते हुए नजर आ रहे थे। उनका ये अमर्यादित बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हुआ। इसी वीडियो को लेकर अब उन्हें काफी आलोचनाओं और फजीहत का सामना करना पड़ रहा है।

(रिपोर्ट- मुकेश कुमार)

यह भी पढ़ें-

बिहार से बड़ी खबर, JDU में आरसीपी सिंह की हो सकती है वापसी, बोले- "हम दो नहीं, एक ही हैं"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।