गोपालगंज से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। जहां बड़े-बड़े लोग सांप का नाम सुनते ही डर जाते हैं, वहीं महज 5 साल का एक बच्चा दो-दो विशाल सांपों को एक साथ पकड़कर उनके साथ खेलता नजर आया। यह नजारा देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हर कोई बच्चे की हिम्मत देखकर दंग रह गया।
5 साल के बच्चे के हाथों में दो विशाल धामिन सांप
ये तस्वीरें गोपालगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के बसडीला स्थित नवका टोला की हैं। यहां एनएच-27 के किनारे उस समय अफरा-तफरी और उत्सुकता का माहौल बन गया, जब महज 5 साल का रिजवान दो विशाल धामिन सांपों को एक साथ पकड़कर उनके साथ खेलता दिखाई दिया। बच्चे के हाथों में फन उठाए लंबे-लंबे सांप देखकर पहले तो लोग डर गए, लेकिन कुछ ही देर में दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए। हर कोई इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने लगा।
बड़े-बड़े सांपों को कर लेता है रेस्क्यू
बच्चे का नाम रिजवान है। उसके पिता का नाम शमशेर अली है और परिवार नगर थाना क्षेत्र के नवका टोला, बसडीला का रहने वाला है। रिजवान का कहना है कि उसे बचपन से ही सांप पकड़ने का शौक है। वह बड़े-बड़े सांपों का भी रेस्क्यू कर लेता है और उनसे बिल्कुल नहीं डरता। बच्चे ने बताया कि उसने इन दोनों धामिन सांपों को सुरक्षित तरीके से पकड़ा और बाद में उन्हें नुकसान पहुंचाए बिना छोड़ भी दिया। बकौल, रिजवान 'मुझे सांप पकड़ना अच्छा लगता है। मैं उनसे नहीं डरता। बड़े-बड़े सांप भी पकड़ लेता हूं। मैं लगभग 4 साल से सांपों के साथ खेल रहा हूं।
बच्चे का साहस देखकर लोग हुए हैरान
मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि इतनी कम उम्र में बच्चे का यह साहस देखकर वे हैरान हैं। कई लोग उसे "हिम्मती बच्चा" कह रहे थे, तो कई लोगों ने उसकी तारीफ की। हालांकि कुछ लोगों ने बच्चे को ऐसा जोखिम भरा काम दोबारा नहीं करने की सलाह भी दी। गोपालगंज में 5 साल के रिजवान का यह अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। लेकिन वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि चाहे सांप जहरीला हो या गैर-जहरीला, किसी भी सांप को पकड़ने या उसके साथ खेलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। ऐसा करना जानलेवा साबित हो सकता है। वहीं, कुछ दिनों पहले बिहार के पूर्णिया में सांप ने 18 साल के लड़के को डस लिया था ऐसे में उसे बचाने के लिए उसकी मां ने मुंह से जहर चूसकर निकाला था
गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें-
BPSC की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा स्थगित, जल्द नई तारीख का ऐलान करेगा आयोग