1. Hindi News
  2. बिहार
  3. सुभाष यादव का अपने जीजा लालू यादव पर बड़ा आरोप, कहा- ‘उनके लोग ही करवाते थे अपहरण’

सुभाष यादव का अपने जीजा लालू यादव पर बड़ा आरोप, कहा- ‘उनके लोग ही करवाते थे अपहरण’

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Feb 13, 2025 08:07 pm IST,  Updated : Feb 13, 2025 08:07 pm IST

RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर उनके साले सुभाष यादव ने गंभीर आरोप लगाए। सुभाष ने कहा कि लालू के कार्यकाल में अपहरण उनके ही लोग करवाते थे।

Subhash Yadav, Subhash Yadav News, Subhash Yadav Bihar- India TV Hindi
सुभाष यादव और लालू यादव। Image Source : INDIA TV/PTI

पटना: राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर उनके साले सुभाष यादव ने बड़ा आरोप लगाया है। सुभाष यादव ने कहा है कि लालू यादव के कार्यकाल में अपहरण खुद उनके लोग ही करवाते थे। उन्होंने कहा कि लालू यादव के कहने पर ही उनकी बेटी की शादी में शोरूम से गाड़ियां उठाई गईं थीं। सुभाष यादव ने कहा कि उन्हें वेवजह बदनाम किया गया। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई लिखित शिकायत होती तो आज वह भी लालू यादव की तरह सजा भोग रहे होते।

‘अपहरण वे लोग ही करवाते थे, छुड़वाते भी थे’

मीडिया से बात करते हुए सुभाष यादव ने कहा, 'हम तो पागल नहीं है। कहीं FIR हुई है मेरे खिलाफ? हम लोग अपहरण किए हैं? अपहरण तो वे लोग (लालू यादव के लोग) करवाते थे, जिसके माध्यम से करवाएं। छुड़वाते वे लोग थे, तो वही लोग न जवाब देंगे।' यह पूछे जाने पर कि उनकी लालू परिवार में क्या अहमियत है, सुभाष यादव ने कहा, 'कुछ नहीं। जीरो।' यह कहने पर कि उनके खिलाफ भी खूब आरोप लगते रहे हैं, सुभाष यादव ने कहा, ‘उस समय के DGP और गृह सचिव क्या कर रहे थे? प्रशासन नहीं था तब? FIR करना चाहिए था न।’

‘मैंने लालू जी को समझाया था कि यह सब गलत है’

सुभाष यादव ने कहा कि लालू यादव पर लिखित आरोप लगे तो वह सजा भोग रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे ऊपर भी लिखित होता तो सजा होती। मैंने कुछ नहीं किया। मैं निर्दोष हूं। लोगों के बात करने से क्या होता है? कोई FIR है? बिहार की जनता है कि मर गई? लालू यादव की बेटी की शादी में गाड़ियां लालू जी के कहने पर उठवाई गई थीं। लालू जी के कहने पर ही काम होता था। क्या मेरी बेटी की शादी थी? लालू यादव को गाड़ी की जरूरत थी। हमने उस समय उन्हें समझाया था कि ये सब गलत है, मत करिए। लेकिन उनके कमिश्नर समधी थे तो धौंस जमा रहे थे। उन्होंने गड़बड़ किया तो भोग रहे हैं।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।