1. Hindi News
  2. बिहार
  3. मुजफ्फरपुर में ब्रह्मपूजा के दौरान बड़ा हादसा, पीपल की डाल गिरने से दो बच्चों की मौत, आठ लोग गंभीर रूप से घायल

मुजफ्फरपुर में ब्रह्मपूजा के दौरान बड़ा हादसा, पीपल की डाल गिरने से दो बच्चों की मौत, आठ लोग गंभीर रूप से घायल

 Published : Jul 20, 2026 10:52 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 10:53 pm IST

बिहार के मुजफ्फरपुर में पीपल की डाल गिरने से दो बच्चों की मौत हो गयी और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस और विधायक ने मौके पर पहुंच कर राहत कार्य संभाला

मुजफ्फरपुर ब्रह्म पूजा हादसा, - India TV Hindi
मुजफ्फरपुर ब्रह्म पूजा हादसा Image Source : INDIA TV

मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कांटी प्रखंड की लसगरीपुर पंचायत के मिठानसराय माधोपुर गांव स्थित ब्रह्मस्थान पर सोमवार को ब्रह्मपूजा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पूजा में शामिल श्रद्धालुओं पर अचानक पीपल के पेड़ की डाल टूटकर गिर गई। हादसे में दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूजा का माहौल मातम में बदल गया और पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। बताया जाता है कि गांव में हर वर्ष परंपरागत रूप से ब्रह्मपूजा का आयोजन होता है। इस बार भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पूजा में शामिल हुए थे। इसी दौरान ब्रह्मस्थान के पास खड़े पुराने पीपल के पेड़ की भारी डाल अचानक टूटकर श्रद्धालुओं पर गिर गई। हादसे के समय वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

दो बच्चों की मौत और आठ घायल

मृतकों की पहचान सोनू कुमार (14 वर्ष), पिता किशोर साह तथा अनन्या कुमारी (8 वर्ष), पिता दिलीप साह के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में राजा प्रताप सिंह (52), हेमंत झा (50), जंग बहादुर सिंह (70), संस्कार कुमार (7), अभिषेक कुमार (7), काजल कुमारी (9), ज्योति कुमारी (10) और अंशु कुमारी (7) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

विधायक अजीत कुमार घटनास्थल पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अजीत कुमार, घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और घायलों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना है। सरकार की ओर से मृतक बच्चों के परिजनों को निर्धारित मुआवजा दिलाया जाएगा तथा घायलों को भी हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।

मौके पर उन्होंने कांटी के अंचलाधिकारी मुकेश कुमार और अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार को आवश्यक निर्देश भी दिए। ​घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे मिठानसराय माधोपुर गांव में शोक की लहर है। मृतक बच्चों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि घायल श्रद्धालुओं के परिजन अस्पताल में उनके स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। बता दें, लगभग एक महीने पहले बिहार के सीतामढ़ी में रात के समय सो रहे लोगों के ऊपर पीपल का पेड़ गिर गया जिससे मौके पर 5 लोगों की मौत हो गयी थी

मुजफ्फरपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें-

बिहार की पहली नदी जोड़ो परियोजना का शुभारंभ, सीएम सम्राट चौधरी ने शिवहर को दी 200 करोड़ की 40 विकास परियोजनाओं की सौगात

BPSC की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा स्थगित, जल्द नई तारीख का ऐलान करेगा आयोग

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।