गोपालगंज: जिले में एक निर्माणाधीन पुल गिरने से हड़कंप मच गया है। दरअसल, सिधवलिया प्रखंड के गंगवा गांव में घोघारी नदी पर एक पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरसीसी पुल ढलाई के दौरान अचानक धाराशायी हो गया। करीब 2 करोड़ 7 लाख रुपये से अधिक की लागत से बन रहे इस पुल की गुणवत्ता पर अब बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने जांच के आदेश दे दिए हैं और खुद घटनास्थल पहुंच कर मामले की जांच कर रहे हैं।
घटना गोपालगंज जिले के सिधवलिया प्रखंड स्थित गंगवा गांव की है, जहां घोघारी नदी पर 29 मीटर लंबा आरसीसी पुल बनाया जा रहा था। इस पुल का निर्माण लगभग 2 करोड़ 7 लाख 21 हजार 281 रुपये की लागत से कराया जा रहा था। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी बापूधाम कंस्ट्रक्शन कंपनी को दी गई थी। बताया जा रहा है कि ढलाई के दौरान अचानक स्लैब का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
गोपालगंज जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने कहा है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जा रही है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि दोषी इंजीनियरों और निर्माण कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। वहीं डीएम पवन कुमार सिन्हा ने विभाग को पत्र के माध्यम से रिपोर्ट कर दिया है। यह माना जा रहा है कि विभाग तीन बड़े अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई करेगी। वहीं प्रशासन जांच में जुटा है और तीन अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब देखना होगा कि जांच के बाद किस स्तर पर कार्रवाई होती है। (इनपुट- अयाज अहमद)
यह भी पढ़ें-
राघोपुर में महिला की निर्मम हत्या, आंख फोड़ी, हाथ तोड़े और कान से निकाल ले गए सोने की बाली
संपादक की पसंद