1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नीतीश कुमार ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा के सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई, जानें क्या कहा

नीतीश कुमार ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा के सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई, जानें क्या कहा

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : May 23, 2023 08:31 pm IST,  Updated : May 24, 2023 12:06 am IST

मुख्यमंत्री ने कहा कि बक्सर की गरिमा लोहिया ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा, ‘देश की बेटियों की यह सफलता आधी आबादी को प्रेरणा प्रदान करेगी।’

नीतीश कुमार, सीएम, बिहार- India TV Hindi
नीतीश कुमार, सीएम, बिहार Image Source : फाइल

UPSC Civil Services results 2022: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2022 में सफल हुए अभ्यर्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नीतीश कुमार ने कहा कि इस बार संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में टॉप चार स्थानों पर लड़कियां ही रहीं हैं। उन्होंने टॉप चार में स्थान प्राप्त करने वाली इशिता किशोर, गरिमा लोहिया, उमा हरति एन.एवं स्मृति मिश्रा को विशेष तौर पर बधाई देते हुये कहा है कि यह बेहद खुशी की बात है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बक्सर की गरिमा लोहिया ने देश में दूसरा स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा, ‘देश की बेटियों की यह सफलता आधी आबादी को प्रेरणा प्रदान करेगी।’

इशिता किशोर ने किया टॉप, बिहार की गरिमा को मिला दूसरा स्थान

यूपीएससी द्वारा मंगलवार को घोषित सिविल सेवा परीक्षा 2022 के नतीजों में दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू)से ग्रैजुएट इशिता किशोर के पहला स्थान हासिल करने के साथ ही टॉप चार स्थानों पर लड़कियों ने सफलता हासिल की है। गरिमा लोहिया, उमा हरति एन और स्मृति मिश्रा ने परीक्षा में क्रमशः दूसरा, तीसरा और चौथा स्थान हासिल किया है। लोहिया और मिश्रा डीयू से स्नातक हैं, जबकि हरति एन.आईआईटी हैदराबाद से बी.टेक डिग्री धारक हैं। 

यह लगातार दूसरा वर्ष है जब महिला उम्मीदवारों ने प्रतिष्ठित परीक्षा में शीर्ष तीन रैंक हासिल की हैं। सिविल सेवा परीक्षा 2021 में श्रुति शर्मा, अंकिता अग्रवाल और गामिनी सिंगला ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया था। 

933 उम्मीदवार सफल घोषित

यूपीएससी ने कहा कि 933 उम्मीदवारों-613 पुरुषों और 320 महिलाओं ने सिविल सेवा परीक्षा 2022 उत्तीर्ण की है। शीर्ष 25 रैंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों में 14 महिलाएं और 11 पुरुष शामिल हैं। यूपीएससी द्वारा सिविल सेवा परीक्षा सालाना तीन चरणों में आयोजित की जाती है, जिनमें अभ्यर्थियों को प्रारंभिक, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार से गुजरना होता है। इस परीक्षा के जरिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) समेत अन्य सेवाओं के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाता है। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।