नई दिल्ली: मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रमण्यन ने आज कहा कि भारत 8 से 10 फीसद की वृद्धि दर हासिल कर सकता है, बशर्ते निर्यात क्षेत्र का प्रदर्शन अच्छा हो। सुब्रमण्यन ने आज यहां एक पुरस्कार समारोह में कहा, मेरा दृढ़ विश्वास है कि यदि हमें 8 से 10 फीसद की वृद्धि दर हासिल करनी है, तो हमारा निर्यात मजबूत होना चाहिए। मुझे नहीं लगता कि पिछले 50-60 साल कोई भी ऐसा उदाहरण नहीं है जब देशों ने उंची वृद्धि दर हासिल की हो और उनके निर्यात क्षेत्र का प्रदर्शन अच्छा न रहा हो। उन्होंने श्रम आधारित वस्तुओं के निर्यात पर जोर दिया।
सुब्रमण्यन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्यात पर आर्थिक वातावरण भारत के पक्ष में नहीं है क्योंकि यूरोप, जापान व चीन में सुस्ती है। उन्होंने कहा कि निर्यात वृद्धि के लिए प्रतिस्पर्धी विनियम दर और बेहतर स्थानीय ढांचे की जरूरत है। सुब्रमण्यन ने उम्मीद जताई कि सरकार की मेक इन इंडिया पहल से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।