नई दिल्ली: हमारे खाने में जायके में तड़का लगाने वाला प्याज आपको एक बार फिर रुला सकता है। मौसम की मार के बीच बाजार में प्याज की कीमतों में उछाल के तेज संकेत मिल रहें है। मौजूदा संकतों के मुताबिक राजधानी में 35 रुपए से 40 रुपए के आस पास बिकने वाला प्याज 50 के स्तर को पार कर सकता है। तेज मंहगाई के बीच प्याज की कीमतों में आई तेजी आपको रुलाने के लिए काफी है।
बीते दो हफ्तों में कीमतों में 54 फीसदी का इजाफा हुआ है और थोक भाव 2,550 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। जिससे इसकी कीमत 50 के पार जाने की उम्मीद की जा रही है।
हालांकि देश में प्याज़ की कीमत जिस मंडी से तय की जाती है वहां से इसकी कीमतों को लेकर मंहगाई की आशंका जताई जा रही है। जमाखोरी के साथ साथ खराब मौसम को बढ़ती कीमतों का जिम्मेदार ठहराया जा रहा है।
जमाखोरी पर रोक साल 2016 तक बढ़ा दी गई है। लेकिन अभी भी इसे पूरी तरह कंट्रोल नहीं किया जा सका है। पिछले केंद्रीय बजट में अरुण जेटली ने कीमत स्थिरता कोष (पीएसएफ) के लिए 500 करोड़ रुपए का आवंटन किया था। स्मॉल फार्मर्स एग्रीबिज़नेस कंसोर्टियम और नैशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्कीटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (नेफेड) को क्रमश: 10,000 टन और 2,500 टन का बफर स्टॉक बनाने का जिम्मा सौंपा गया था।