1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. बीजापुर के आवासीय स्कूल में 14 साल की छात्रा के यौन उत्पीड़न का आरोप, शिक्षक पर केस दर्ज

बीजापुर के आवासीय स्कूल में 14 साल की छात्रा के यौन उत्पीड़न का आरोप, शिक्षक पर केस दर्ज

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Sep 13, 2026 11:42 pm IST,  Updated : Sep 13, 2026 11:43 pm IST

बीजापुर के एक सरकारी आवासीय विद्यालय में पढ़नेवाली छात्रा का कथित तौर पर एक टीचर द्वारा यौन उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है। सीएम ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक Image Source : PIXABAY

बीजापुर (छत्तीसगढ़): छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से एक ऐसी खबर आ रही है जिसने आवासीय स्कूल में पढ़नेवाली छात्राओं के परिजनों की परेशान कर दिया है। यहां एक सरकारी आवासीय विद्यालय में एक शिक्षक द्वारा 14 वर्षीय छात्रा का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक शिकायत के आधार पर पुलिस ने शनिवार को भोपालपट्टनम थाना क्षेत्र में स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 

लंबे अर्से से कर रहा था दुर्व्यवहार

बीजापुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अमन कुमार झा ने इस घटना के बारे में बताया कि आरोपी शिक्षक ने पिछले साल अक्टूबर में छात्रा को कथित तौर पर अनुचित तरीके से छूने की हरकत की थी। इसके बाद उसने कई अन्य मौकों पर भी छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया था। आरोपी शिक्षक की उम्र 40 वर्ष के आसपास है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 (महिला की गरिमा भंग करने के इरादे से हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) तथा अन्य संबंधित प्रावधानों और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

कई अन्य छात्राओं ने भी की शिकायत

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इस स्कूल में पढ़नेवाली नौवीं से 11वीं कक्षा की कुछ अन्य छात्राओं ने भी आरोपी टीचर पर अनुचित तरीके से छूने और दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस उनके बयान भी दर्ज कर रही है। उन्होंने बताया कि कुछ छात्राओं के अभिभावकों ने पुलिस को जानकारी दी कि इस मामले को हाल ही में स्कूल के प्रिंसिपल के संज्ञान में लाया गया था। इसलिए यह भी जांच की जा रही है कि क्या प्रिंसिपल ने इस मामले में कोई कार्रवाई शुरू की थी। 

सीएम ने घटना का लिया संज्ञान

इस बीच, सीएम विष्णु देव साय ने बीजापुर के डीएम और एसपी को मामले की गहन जांच करने तथा दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साय ने एक आधिकारिक बयान में कहा, ''यदि किसी शिकायत को नजरअंदाज किया गया है, उसे दबाने का प्रयास किया गया है या किसी भी स्तर पर कर्तव्य में लापरवाही पाई जाती है, तो इसके लिए जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।'' मुख्यमंत्री ने सभी जिलों को लड़कियों के हॉस्टल, आश्रमों और आवासीय विद्यालयों में विशेष सतर्कता बरतने तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। 

सभी डीएम और एसपी को सख्त निर्देश

बयान के अनुसार, जिलाधिकारियों से ऐसे संस्थानों में निर्धारित सुरक्षा व्यवस्थाओं और प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा वार्डन और अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की शिकायतों के समाधान के लिए उपलब्ध तंत्र की समीक्षा करने को कहा गया है। साय ने कहा कि व्यवस्था केवल शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने ऐसी घटनाओं की पहचान और रोकथाम के लिए नियमित निरीक्षण, बच्चों के साथ लगातार संवाद और प्रभावी निगरानी की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और गरिमा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता तथा दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या असुरक्षित माहौल से संबंधित शिकायतों पर तत्काल और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, "आवासीय विद्यालय और हॉस्टल बच्चों के लिए केवल शिक्षा प्राप्त करने की जगह नहीं हैं, बल्कि उनके घर हैं। माता-पिता अपने बच्चों को इन संस्थानों में विश्वास के साथ भेजते हैं और इस विश्वास की रक्षा करना इनसे जुड़े प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है।'' साय ने सभी जिलों के डीएम और एसपी को निर्देश दिया कि जब भी छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार, उत्पीड़न या उन्हें डराने-धमकाने की शिकायत मिले, तो संबंधित विभागों और पुलिस के बीच कोर्डिनेशन के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर पीड़ितों को परामर्श और अन्य आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। ( इनपुट-भाषा)

ये भी पढ़ें:

10 हजार रुपये के लिए बिक गया अधिकारी, ACB ने रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ा

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।