1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. अरे ये क्या! अनावरण से पहले ही पूर्व CM अजीत जोगी की मूर्ति गायब, समर्थकों ने काटा बवाल

अरे ये क्या! अनावरण से पहले ही पूर्व CM अजीत जोगी की मूर्ति गायब, समर्थकों ने काटा बवाल

 Published : May 26, 2025 05:55 pm IST,  Updated : May 26, 2025 06:02 pm IST

अजीत जोगी की प्रतिमा को कुछ दिनों पहले गौरेला शहर के ज्योतिपुर चौराहे पर सड़क किनारे एक मंच पर स्थापित किया गया था। प्रतिमा का अनावरण 29 मई को जोगी की पुण्यतिथि पर किया जाना था।

ajit jogi statue- India TV Hindi
अजीत जोगी की मूर्ति Image Source : SOCIAL MEDIA

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले के गौरेला शहर के तिराहे में अनावरण के लिए रखी गई पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की आदमकद प्रतिमा के गायब होने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। GPM जिले के ज्योतिपुर चौराहे पर 29 मई को जोगी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण होने वाला था। प्रतिमा गायब होने के बाद जेजेपी के कार्यकर्ता अनशन में बैठ गए हैं। इसके बाद मूर्ति को गौरेला नगर पालिका कार्यालय के परिसर से बरामद किया गया।

जेसीबी मशीन से देर रात हटाई प्रतिमा

जोगी की प्रतिमा को कुछ दिनों पहले गौरेला शहर के ज्योतिपुर चौराहे पर सड़क किनारे एक मंच पर स्थापित किया गया था। प्रतिमा का अनावरण 29 मई को जोगी की पुण्यतिथि पर किया जाना था। 22 मई को गौरेला नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने मंच (प्रतिमा के लिए) बनाने वाली निर्माण कंपनी को नोटिस जारी कर जोगी की प्रतिमा को तत्काल हटाने को कहा था। गौरेला थाने के प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज से पता चला है कि प्रतिमा को रात करीब 2.30 बजे मशीन का इस्तेमाल कर हटाया गया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने प्रतिमा को हटाने के लिए इस्तेमाल की गई जेसीबी मशीन का भी पता लगा लिया है तथा उसे जब्त करने के लिए एक दल भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।

नगर पालिका ने हटाई प्रतिमा?

यह पूछे जाने पर कि क्या नगर पालिका ने प्रतिमा हटाई है, तब गौरेला की एसडीएम ऋचा चंद्राकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। बाद में अधिकारियों द्वारा प्रतिमा को वापस उसी स्थान पर रखा गया, जहां उसे स्थापित किया जाना था। निर्माणकर्ता कंपनी श्री गणेश कंस्ट्रक्शन को सीएमओ द्वारा दिए गए नोटिस में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद गौरेला के वार्ड क्रमांक 10 में ज्योतिपुर तिराहा पर उद्यान और चबूतरा निर्माण का कार्य आपके (कंपनी) द्वारा कराया जा रहा है। नोटिस में आगे कहा गया है कि उक्त कार्य प्रगति पर है, लेकिन चबूतरे पर बिना अनुमति के प्रतिमा स्थापित कर दी गई है, जो निकाय द्वारा जारी कार्य आदेश के विरुद्ध है और लोक निर्माण विभाग की कार्य नियमावली का उल्लंघन है। सीएमओ ने कंपनी को स्थापित प्रतिमा को तत्काल हटाकर कार्य पूरा करने और 24 घंटे के भीतर कार्य के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था। नोटिस में कहा गया है कि ऐसा न करने पर नगर पालिका द्वारा प्रतिमा हटाने की कार्रवाई की जाएगी और केंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी

ajit jogi statue
Image Source : SOCIAL MEDIAक्षतिग्रस्त हालत में मिली प्रतिमा।

अजीत जोगी के बेटे अमित ने किया विरोध प्रदर्शन

घटना की जानकारी मिलने के बाद अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी अपने समर्थकों के साथ उस मंच के सामने बैठकर विरोध प्रदर्शन किया जहां प्रतिमा स्थापित की जानी थी। अमित जोगी ने कहा, ''जीपीएम के लोग चाहते थे कि जोगी जी की प्रतिमा उनकी जन्मस्थली ज्योतिपुर में स्थापित की जाए। रात 2 बजे अंधेरे में प्रतिमा को हटाकर अपवित्र कर दिया गया। यह सिर्फ प्रतिमा पर हमला नहीं है। जोगी जी भले ही हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन वे यहां हर व्यक्ति के दिल में प्रेरणा के रूप में जीवित हैं।'' उन्होंने प्रतिमा हटाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और 24 घंटे के भीतर उसी स्थान पर प्रतिमा को फिर से स्थापित करने की मांग की।

राज्य के पहले CM थे अजीत जोगी

वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद अजीत जोगी 2000 से 2003 तक कांग्रेस सरकार में पहले मुख्यमंत्री बने थे। अजीत जोगी ने जून 2016 में कांग्रेस से अलग होने के बाद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़-जोगी (जेसीसी-जे) की स्थापना की थी जिसे जोगी कांग्रेस के नाम से भी जाना जाता है। अजीत जोगी का मई, 2020 में निधन हो गया था। (भाषा इनपुट्स के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।