1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ में 22 जनवरी को ड्राई डे घोषित, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया ऐलान

छत्तीसगढ़ में 22 जनवरी को ड्राई डे घोषित, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया ऐलान

 Published : Jan 02, 2024 11:45 pm IST,  Updated : Jan 02, 2024 11:45 pm IST

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 22 जनवरी को अयोध्या में आयोजित होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर राज्य में ड्राई डे घोषित किया है।

Chhattishgarh, Vishnu Deo sai- India TV Hindi
विष्णु देव साय Image Source : PTI

रायपुर: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन छत्तीसगढ़ में शराबबंदी रहेगी। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 22 जनवरी को ड्राई डे घोषित किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने आज एक वीडियो संदेश जारी कर यह घोषणा की। 

छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने वीडियो संदेश में कहा, ''यह हमारा सौभाग्य है कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्री रामलला का प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित होने वाला है। इसे लेकर पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। इस दिन पूरे प्रदेश में उत्सव का माहौल रहेगा। घरों में दीपावली की तरह दीप भी प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ सरकार ने 22 जनवरी को सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में शुष्क दिवस घोषित करने का निर्णय लिया है।'' 

सब्जियों की खेप अयोध्या रवाना की जाएगी

मुख्यमंत्री ने कहा, ''श्री रामलला के भोग के लिए उनके ननिहाल छत्तीसगढ़ से सब्जी उत्पादक किसानों की ओर से सब्जियों की खेप अयोध्या रवाना की जाएगी। इससे पहले 30 दिसम्बर को राईस मिलर्स के सहयोग से श्री रामलला के भोग के लिए छत्तीसगढ़ से 300 मीट्रिक टन सुगंधित चावल अयोध्या भेजा गया है।''

25 दिसम्बर से दो जनवरी तक सुशासन सप्ताह 

विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य में 25 दिसम्बर से दो जनवरी तक सुशासन सप्ताह मनाया गया। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारा सुशासन का संकल्प और आदर्श रामराज्य रहा है।’’ धान के कटोरे के रूप में प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ को भगवान श्रीराम का 'ननिहाल' माना जाता है। 

माता कौशल्या की जन्मस्थली 

विद्वानों के अनुसार भगवान राम 14 वर्ष के वनवास के दौरान छत्तीसगढ़ में कई स्थानों से होकर गुजरे थे। राज्य की राजधानी रायपुर से लगभग 27 किलोमीटर स्थित चंदखुरी गांव को भगवान श्रीराम की मां माता कौशल्या की जन्मस्थली माना जाता है। गांव में स्थित प्राचीन माता कौशल्या मंदिर को पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान भव्य रूप दिया गया था। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।