रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प का मामला सामने आया है। यहां शनिवार को कोयला खदान का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस घटना में आठ पुलिसकर्मी घायल हो गई है। इसके अलावा कई ग्रामीण भी घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के तमनार क्षेत्र में जिंदल को आवंटित कोयला खदान का ग्रामीण विरोध कर रहे थे। इस दौरान सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। इसी बीच विरोध कर रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प हो गई।
प्रदर्शनकारियों को हटाने गई थी पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धौराभाठा गांव में जिंदल उद्योग को गारे पेलमा सेक्टर-एक में कोल ब्लॉक अवंटित हुआ है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण, प्रस्तावित उत्खनन और कथित तौर पर नियमविरुद्ध हुई जनसुनवाई को निरस्त करने की मांग को लेकर 15 दिनों से प्रभावित 14 गांव के सैकड़ों लोग धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार को भी स्थानीय लोग धरना प्रदर्शन कर रहे थे, इसी बीच सुबह-सुबह धरना स्थल पर पुलिस द्वारा लोगों को हटाने का प्रयास किया गया। वहीं पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों को हटाए जाने के बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई।
हमले में 8 पुलिसकर्मी घायल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर बस, कार समेत तीन वाहनों में आग लगा दी। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने पुलिस के वाहन में भी तोड़फोड़ की। वहीं ग्रामीण महिलाओं की भीड़ ने तमनार की महिला थानेदार कमला पुसाम पर भी हमला कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी घायल हो गईं। उन्होंने बताया कि इस दौरान आठ पुलिसकर्मी और कई ग्रामीण घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिव्यांग पटेल और बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद है। उन्होंने बताया कि स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।
यह भी पढ़ें-
पति के साथ बैठकर पत्नी ने भी पी शराब, विवाद के बाद कुल्हाड़ी से हमला कर पति को मार डाला
कपल ने दो-तीन साल के रिलेशन के बाद की लव मैरिज, सिर्फ 24 घंटे में ले लिया तलाक; चौंकाने वाली है वजह