1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़: कुल्हाड़ी से दरवाजा तोड़कर घर में घुसे नक्सली, परिवार के सामने सरपंच प्रत्याशी का गला रेता

छत्तीसगढ़: कुल्हाड़ी से दरवाजा तोड़कर घर में घुसे नक्सली, परिवार के सामने सरपंच प्रत्याशी का गला रेता

 Published : Feb 07, 2025 11:47 am IST,  Updated : Feb 07, 2025 11:47 am IST

दंतेवाड़ा में जोगा बारसे क्षेत्र के कद्दावर आदिवासी नेताओं में थे और लगातार चुनाव जीत रहे थे। पहले वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी में थे लेकिन कुछ वर्ष पहले उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी। बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव में बारसे के प्रत्याशी बनने के बाद से माओवादी उनसे नाखुश थे।

murder- India TV Hindi
सरपंच प्रत्याशी जोगा बारसे की हत्या। Image Source : SOCIAL MEDIA

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में माओवादियों ने सरपंच पद के प्रत्याशी की गला रेतकर हत्या कर दी। राज्य में पंचायत चुनाव 17, 20 और 23 फरवरी को तीन चरणों में होंगे। अधिकारियों ने बताया कि घटना गुरुवार रात को अरनपुर गांव की है जहां माओवादियों ने सरपंच पद के प्रत्याशी 45 वर्षीय जोगा बारसे के घर पर धावा बोल दिया और कुल्हाड़ी से दरवाजे को तोड़कर घर में दाखिल हो गए। उन्होंने बताया कि इसके बाद माओवादियों ने परिवार के सामने ही कुल्हाड़ी और अन्य हथियारों से बारसे की गला रेतकर हत्या कर दी।

लोगों को चुनाव नहीं लड़ने की धमकी दे रहे माओवादी

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में होने जा रहे पंचायत चुनाव का माओवादियों ने बहिष्कार किया है और लोगों को चुनाव नहीं लड़ने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बताया जा रहा है कि पंचायत चुनाव में बारसे के प्रत्याशी बनने के बाद से माओवादी उनसे नाखुश थे। बारसे क्षेत्र के कद्दावर आदिवासी नेताओं में थे और लगातार चुनाव जीत रहे थे।

पहले भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी में थे जोगा बारसे

जानकारी के अनुसार पहले वह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी में थे लेकिन कुछ वर्ष पहले उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ले ली थी। अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की तलाश के लिए सुरक्षाबलों ने इलाके में अभियान शुरू कर दिया है। इससे पहले माओवादियों ने जिले में चार फरवरी को 30 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। माओवादियों ने उस पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया था।

बीजापुर में 4 लोगों को मारा

वहीं तीन फरवरी की रात माओवादियों ने पड़ोसी जिले बीजापुर में दो लोगों की हत्या कर दी थी। इनमें से एक उनका पूर्व सहयोगी था। पिछले माह 26 जनवरी को माओवादियों ने बीजापुर के भैरमगढ़ इलाके में 41 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी। उस पर प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के बारे में सूचना देने का आरोप लगाया गया था। इसके अतिरिक्त 16 जनवरी को माओवादियों ने बीजापुर के मिरतुर इलाके में पुलिस मुखबिर होने के संदेह में 48 वर्षीय एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी।

बस्तर क्षेत्र में पिछले साल 68 नागरिक मारे गए

पुलिस के अनुसार दंतेवाड़ा सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र में माओवादी हिंसा की अलग-अलग घटनाओं में पिछले साल 68 नागरिक मारे गए। राज्य में इस माह नगरीय और पंचायत निकायों के चुनाव होने जा रहे हैं जिसके तहत 10 नगर निगमों, 49 नगर पालिका परिषदों और 114 नगर पंचायतों सहित 173 नगरीय निकायों के चुनाव 11 फरवरी को एक चरण में होंगे, जबकि पंचायत चुनाव 17, 20 और 23 फरवरी को तीन चरणों में होंगे। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

छोटे से जिले में बैठकर करते थे इंटरनेशनल ठगी, दोस्त की शिकायत ने पूरे गिरोह को पकड़वा दिया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।