1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिर को गोलियों से भूना, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिर को गोलियों से भूना, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Jun 08, 2024 08:23 pm IST,  Updated : Jun 08, 2024 08:31 pm IST

छत्तीसगढ़ में नक्सलियों ने एक पुलिस मुखबिर को गोलियों से भून डाला। पुलिस मुखबिर को अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : FILE-PTI

कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नक्सलियों ने एक पुलिस मुखबिर की गोली मारकर हत्या कर दी। शनिवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार रात धनोरा थाना क्षेत्र के तिमडी गांव में नक्सलियों ने दिनेश मंडावी की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि हमलावरों ने दिनेश पर तब हमला किया तब वह एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहा था।
 
नक्सलियों की खोजबीन जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया, ''प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने मंडावी पर गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मंडावी को केशकाल स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मंडावी पुलिस की विशेष आसूचना शाखा के लिए मुखबिर के रूप में काम कर रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों का पता लगाने के लिए सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
 
सुरक्षाबलों ने 7 नक्सलियों को मारा
इससे पहले नारायणपुर जिले में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में तीन जवान घायल हुए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार रात सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में नारायणपुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव जिले की सीमा पर स्थित मुंगेडी और गोबेल क्षेत्र में भेजा गया था। 

 नक्सली शिविर का भंडाफोड़ 

वहीं, महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा से सटे गढ़चिरौली में पुलिस ने एक नक्सली शिविर का भंडाफोड़ किया हालांकि नक्सली इलाके की संकरे गलियों का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने में सफल रहे। पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने बताया कि टिपागड़ और कासनसूर 'दलम' में प्रतिबंधित संगठन के हथियारबंद नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद भीमनखोजी में नक्सली शिविर का भंडाफोड़ किया गया।

 
इनपुट-भाषा  
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।