1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ पंचायत चुनाव: पहले चरण में 53 विकास खंडों में मतदान जारी, बस्तर में 2 बजे बंद हो जाएगी वोटिंग

छत्तीसगढ़ पंचायत चुनाव: पहले चरण में 53 विकास खंडों में मतदान जारी, बस्तर में 2 बजे बंद हो जाएगी वोटिंग

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 17, 2025 11:57 am IST,  Updated : Feb 17, 2025 11:57 am IST

पहले चरण में 27,210 वार्ड पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद पंचायत सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए मतदान हो रहा है।

Nimora village polling- India TV Hindi
निमोड़ा गांव में मतदान Image Source : X/ANI

छत्तीसगढ़ में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान शुरू हो चुका है। राज्य के सभी 33 जिलों के 53 विकास खंडों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहला चरण के तहत सोमवार को मतदान हो रहे हैं। पंचायत चुनाव पार्टी लाइन पर नहीं होते हैं। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि जमीनी स्तर पर बीजेपी या कांग्रेस किसके समर्थन वाले कितने उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि कुल मिलाकर 57,99,660 मतदाता पहले चरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं, जिनमें 28,70,859 पुरुष, 29,28,751 महिलाएं और तृतीय लिंग श्रेणी के 50 मतदाता शामिल हैं। पहले चरण में 27,210 वार्ड पंच, 3,605 सरपंच, 911 जनपद पंचायत सदस्य और 149 जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए मतदान हो रहे हैं। पहले चरण के लिए 53 विकास खंडों में 9,873 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। 

तीन स्तर पर होते हैं पंचायत चुनाव

राज्य में पंचायत के चुनाव तीन स्तरों पर होते हैं। इनमें ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत (ब्लॉक) और जिला पंचायत (जिला) शामिल हैं। पहले चरण में वार्ड पंच के लिए 60,203, सरपंच के लिए 14,646, जनपद पंचायत सदस्यों के लिए 4,587 और जिला पंचायत सदस्यों के लिए 702 उम्मीदवार मैदान में हैं। सात जिलों वाले बस्तर संभाग में नक्सली खतरे के कारण मतदान का समय सुबह 6.45 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा, जबकि अन्य जगहों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। 

बैलेट पेपर से हो रहा मतदान

बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है तथा गश्त बढ़ा दी गई है। दूसरे और तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी और 23 फरवरी को होना है। मतदान के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रत्येक चरण में वोट डाले जाने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर मतगणना होगी। राज्य में हाल में हुए शहरी निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शानदार जीत दर्ज की। शनिवार को परिणाम की घोषणा की गई। भाजपा ने सभी दस नगर निगमों में महापौर पद जीते।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।