1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ में 16 जून से खुलेंगे स्कूल, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश, प्रवेश उत्सव की तैयारी शुरू

छत्तीसगढ़ में 16 जून से खुलेंगे स्कूल, शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश, प्रवेश उत्सव की तैयारी शुरू

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 13, 2026 08:55 am IST,  Updated : Jun 13, 2026 08:55 am IST

शिक्षा विभाग ने 16 जून को ही प्रवेश उत्सव मनाने का फैसला किया है। वहीं, शिक्षकों के लिए साफ आदेश जारी किया गया है कि समय पर स्कूल नहीं पहुंचने पर उनके वेतन में कटौती की जाएगी।

School- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

छत्तीसगढ़ में शिक्षा विभाग ने 16 जून से स्कूल खोलने का फैसला किया है। राज्य में मंगलवार को प्रवेश उत्सव मनाया जाएगा। इस बारे में शिक्षा विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी किया है। इसके अनुसार छत्तीसगढ़ में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत 16 जून 2026 से होगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी कर कहा है कि सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों में 16 तारीख से कक्षाएं शुरू होंगी।

शिक्षा विभाग ने पहले गर्मी को देखते हुए छुट्टियों को 20 अप्रैल से 15 जून तक बढ़ाया था, लेकिन अब विभाग ने 16 जून से स्कूल खोलने का फैसला किया है। शाला प्रवेश उत्सव 16 जून को पूरे राज्य में मनाया जाएगा। इस दौरान नए छात्रों का स्वागत, दाखिला अभियान और उत्साहपूर्ण माहौल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी अनिवार्य

16 जून से सभी सरकारी स्कूलों के शिक्षक और कर्मचारी ऑनलाइन उपस्थिति और ऑनलाइन अवकाश आवेदन प्रणाली का पालन करेंगे। अनुपालन न करने पर जून महीने का वेतन रोका जा सकता है। स्कूलों में प्रवेश उत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। स्कूल भवनों की मरम्मत, साफ-सफाई, रंग-रोगन और बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। छात्रों को स्वच्छ और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर है।

गर्मी के कारण आगे बढ़ सकती थी तारीख

शिक्षा विभाग का कहना है कि नए सत्र की शुरुआत व्यवस्थित और उत्साहजनक तरीके से हो, ताकि बच्चे नियमित रूप से स्कूल आने लगें और अधिक से अधिक दाखिले हो सकें। भीषण गर्मी को देखते हुए कुछ दिनों पहले शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने संकेत दिए थे कि छत्तीसगढ़ में इस साल 1 जुलाई से स्कूल खुल सकते हैं। शाला प्रवेश उत्सव भी इस तारीख तक टालने के संकेत दिए थे, लेकिन विभाग ने अब 16 जून वाला आदेश जारी कर दिया है।

यह भी पढ़ें-

छत्तीसगढ़ के एम-सीएडी मॉडल की देशभर में सराहना, केंद्र ने अन्य राज्यों को भी अपनाने की दी सलाह

छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर, भाजपा ने पांच में से तीन नगर पंचायत अध्यक्ष पद जीते

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।