1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर, भाजपा ने पांच में से तीन नगर पंचायत अध्यक्ष पद जीते

छत्तीसगढ़ नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर, भाजपा ने पांच में से तीन नगर पंचायत अध्यक्ष पद जीते

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 05, 2026 02:46 pm IST,  Updated : Jun 05, 2026 02:57 pm IST

राज्य चुनाव आयोग (SEC) के बयान के मुताबिक, इस हफ़्ते अलग-अलग शहरी स्थानीय निकायों में जिन 71 पार्षद सीटों के लिए चुनाव और उपचुनाव हुए, उनमें से बीजेपी ने 39 सीटें जीतीं, कांग्रेस 30 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर रही और दो वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीते।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : ANI

रायपुरः छत्तीसगढ़ में हाल में गठित और रिक्त शहरी स्थानीय निकायों के लिए हुए चुनाव और उपचुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। सत्तारूढ़ बीजेपी ने पांच पंचायत अध्यक्ष और विपक्ष कांग्रेस ने दो पंचायत अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। नगरीय और पंचायत निकायों के लिए एक जून को चुनाव और उपचुनाव हुए थे। शहरी स्थानीय निकाय चुनाव ईवीएम और पंचायत चुनाव मतपत्रों से कराए गए थे। 

बीजेपी और कांग्रेस को मिली इतनी सीटें

राज्य चुनाव आयोग की तरफ से जारी चुनाव परिणामों के अनुसार, बीजेपी ने बाम्हनीडीह (जांजगीर-चांपा ज़िला), शिवनंदनपुर (सूरजपुर जिला) और सहसपुर लोहारा (कबीरधाम ज़िला) नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस ने राजनांदगांव जिले की घुमका नगर पंचायत और बालोद जिले की पलारी नगर पंचायत में विजय हासिल की।  

बीजेपी को 39 और कांग्रेस को 30 सीट मिली

राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों में जिन 71 पार्षद सीटों के लिए चुनाव और उपचुनाव हुए थे, उनमें से बीजेपी को 39 सीट और कांग्रेस उम्मीदवारों ने 30 सीट जीतीं। दो वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। चुनाव के नतीजे दिखाते हैं कि स्थानीय निकाय चुनाव में विपक्षी कांग्रेस ने बीजेपी को कड़ी टक्कर दी है। 

चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य बीजेपी अध्यक्ष किरण देव ने चुनावों में अच्छे प्रदर्शन के लिए वोटरों और पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया और कहा कि नतीजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सरकार के कल्याणकारी और विकास एजेंडे में लोगों के भरोसे को दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले में बीजेपी उम्मीदवार सरिता संतोष मिश्रा ने सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष पद 762 वोटों से जीता। 

इन सीटों पर हुई थी वोटिंग

बता दें कि सहसपुर लोहारा नगर पंचायत में चेयरमैन के पद और अलग-अलग नगर निकायों में पार्षद की 11 सीटों के लिए उपचुनाव हुआ, जबकि चार नई बनी नगर पंचायतों - घुमका, बाम्हनीडीह, शिवनंदनपुर और पलारी - में चेयरमैन के चार पदों और पार्षद की 60 सीटों के लिए आम चुनाव हुए। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों में कुल 1,228 पदों के लिए चुनाव हुए। इनमें 1,136 वार्ड पंच पद, 82 सरपंच पद और 10 जनपद पंचायत सदस्य पद शामिल थे। 640 वार्ड पंच पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जबकि बाकी 107 सीटों के लिए वोटिंग हुई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।