1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. फिर इंसानियत हुई शर्मसार, हॉस्टल में पहली क्लास की बच्ची के साथ रेप, मचा हड़कंप

फिर इंसानियत हुई शर्मसार, हॉस्टल में पहली क्लास की बच्ची के साथ रेप, मचा हड़कंप

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 25, 2023 02:11 pm IST,  Updated : Jul 25, 2023 02:16 pm IST

सुकमा जिले से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के एक 'पोटा केबिन' स्कूल में पहली क्लास की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

छत्तीसगढ़ के आदिवासी बाहुल्य सुकमा जिले से एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के एक 'पोटा केबिन' स्कूल में पहली क्लास की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने एक अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बात दें कि बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित गांवों में स्थापित पूर्व-निर्मित संरचना वाले आवासीय स्कूल 'पोटा केबिन' कहलाते हैं। 

स्कूल के छात्रावास में सो रही थी बच्ची

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच के लिए सुकमा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव मंडल के नेतृत्व में आठ सदस्यीय दल का गठन किया है। सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण जी चव्हाण के मुताबिक, पुलिस को जानकारी मिली है कि कथित घटना 22 जुलाई की रात को हुई, जब छात्रा एर्राबोर पुलिस थाना क्षेत्र में स्थित एक पोटा केबिन स्कूल के छात्रावास में सो रही थी। 

बच्ची ने घटना की जानकारी माता-पिता को दी

चव्हाण के मुताबिक, इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद सोमवार को मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पीड़िता की उम्र लगभग 7 साल है और वह कक्षा एक की छात्रा है। चव्हाण के मुताबिक, छात्रा ने रविवार को अपने माता-पिता को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद उन्होंने पोटा केबिन छात्रावास के अधीक्षक को इसकी जानकारी दी। चव्हाण ने बताया कि छात्रावास अधीक्षक ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद इस मामले में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। 

मामले की जांच के लिए आठ सदस्यीय समिति का गठन

पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कोंटा) गौरव मंडल की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जिसमें बाल अपराध अन्वेषण शाखा की उप पुलिस अधीक्षक पारुल खंडेलवाल भी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्यवाई की जाएगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।