1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. छत्तीसगढ़ में मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 दोस्तों की मौत, तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर

छत्तीसगढ़ में मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 दोस्तों की मौत, तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jun 28, 2026 05:04 pm IST,  Updated : Jun 28, 2026 05:06 pm IST

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में तीन दोस्तों को सुबह की सैर करते समय एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें तीनों की मौत हो गई।

Chhattisgarh- India TV Hindi
तीन दोस्तों की मौत Image Source : INDIA TV

जांजगीर: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां रविवार सुबह वॉक पर निकले 3 दोस्तों को एक तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया, जिससे तीनों की मौत हो गई। तीनों दोस्त बुजुर्ग थे और उनकी उम्र क्रमश: 62 साल, 52 साल और 70 साल थी।

क्या है पूरा मामला?

दुर्घटना बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत डोंगरी-कोरबी गांव से गुजरने वाली भारतमाला सड़क पर हुई। एक अज्ञात वाहन ने डोंगरी-कोरबी गांव के निवासी दलहरण दास वैष्णव (62), केदार बरेट (52) और संतु यादव (70) को जोर की टक्कर मार दी, जिसमें तीनों की मौत हो गई।

तीनों लोग रोज सुबह सैर पर जाते थे लेकिन आज की सैर ने उनकी जान ले ली। मिली जानकारी के मुताबिक, दलहरण दास वैष्णव सहकारी समिति के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक थे। वहीं बाकी के दोनों दोस्त किसान थे। तीनों की दोस्ती जबरदस्त थी और जब उनके निधन की खबर सामने आई तो आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों दोस्त अलग-अलग जगहों पर जाकर गिरे। पुलिस वाहन और उसके स्वामी की तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी की जांच की जा रही है। इस हादसे में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। 

तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने से हो रहीं दुर्घटनाएं

गौरतलब है कि देश में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने से दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है। इसके बावजूद वाहन चालक सुधर नहीं रहे और ओवरस्पीडिंग कर रहे हैं। कई बार वाहन चालक शेखी बघारने के चक्कर में यातायात के नियमों को तोड़ते हैं, जिसका खामियाजा अन्य यात्रियों को उठाना पड़ता है। ऐसी घटनाओं में लोग या तो घायल होते हैं या उनकी जान चली जाती है। 

तमाम मौकों पर ऐसा पाया गया है कि अगर वाहन चालक सावधानी बरते और नियमों का पालन करे तो रोड एक्सीडेंट की घटनाओं में कमी हो सकती है लेकिन ये पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती है कि लोग रोड पर नियमों का पालन करें। बार-बार समझाए जाने के बाद भी लोग नियमों को तोड़ने में अपनी शान समझते हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित करके कार्रवाई करनी चाहिए।

ये भी पढ़ें- 

बच्ची को कुचला, बैरिकेडिंग तोड़ भागा ट्रक ड्राइवर, पुलिस वाले दौड़ते रहे, देखें वीडियो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।