1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. हत्या के शक में ग्रामीणों ने शख्स के घर में लगा दी आग; एक व्यक्ति की जलकर हुई मौत; 40 लोग हिरासत में

हत्या के शक में ग्रामीणों ने शख्स के घर में लगा दी आग; एक व्यक्ति की जलकर हुई मौत; 40 लोग हिरासत में

 Edited By: Amar Deep
 Published : Sep 16, 2024 06:39 am IST,  Updated : Sep 16, 2024 06:39 am IST

छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में ग्रामीणों ने एक व्यक्ति के घर में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि गांव के ही एक अन्य व्यक्ति की हत्या के शक की वजह से ग्रामीणों ने घर में आग लगाई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई।

हत्या के शक में ग्रामीणों ने शख्स के घर में लगा दी आग।- India TV Hindi
हत्या के शक में ग्रामीणों ने शख्स के घर में लगा दी आग। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

कवर्धा: कबीरधाम जिले के लोहारिडीह गांव में रविवार को अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। यहां कुछ ग्रामीणों ने हमले के बाद एक घर में आग लगा दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने पथराव किया, जिससे कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गये। उन्होंने बताया कि इसके बाद गांव के 40 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच से पता चला है कि रघुनाथ साहू पर इस संदेह के आधार पर हमला किया गया कि उसने अन्य ग्रामीण कचरू साहू की हत्या कर दी है। कचरू का शव मध्यप्रदेश में बालाघाट जिले के बिजाटोला गांव के पास एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। 

गांव के ही शख्स की मिला था शव

पुलिस महानिरीक्षक (राजनांदगांव क्षेत्र) दीपक झा ने बताया कि कचरू साहू अपने घर वालों को यह बताकर शनिवार को किसी अज्ञात वजह से बिजाटोला गया था कि वह रात में लौट आयेगा। झा ने कहा, ‘‘रविवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिलने के बाद हमने बालाघाट पुलिस को उपयुक्त जांच करने का आग्रह किया। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।’’ उन्होंने बताया कि बाद में पुलिसकर्मी लोहारिडीह गये और कचरू साहू के परिवार को इस घटना के बारे में जानकारी देकर लौट आये। 

हत्या के शक में लगाई आग

उन्होंने कहा, ‘‘करीब 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि उसी गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने रघुनाथ साहू नामक ग्रामीण और उसके परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया है तथा उनके घर में आग लगा दी है।’’ उन्होंने कहा कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। झा ने बताया कि प्रतिरोध और पथराव के बीच पुलिसकर्मियों ने साहू परिवार के तीन सदस्यों को बचाने में कामयाबी हासिल की, जबकि रघुनाथ साहू का पता नहीं चला। उन्होंने बताया कि बचाए गए लोगों में रघुनाथ साहू की पत्नी और परिवार के एक अन्य सदस्य को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में घर से एक जला हुआ शव बरामद किया गया जो प्रथम दृष्टया रघुनाथ साहू का लग रहा है। 

जमीन विवाद का मामला आया सामने

पुलिस महानिरीक्षक झा ने बताया कि हालांकि, उसकी पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। साहू परिवार पर हमले की असली वजह अभी पता नहीं चल पाई है। हालांकि कुछ ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि वे जमीन पर अतिक्रमण से जुड़े कुछ मुद्दों को लेकर रघुनाथ से नाराज थे। आईजी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। झा ने बताया, “हिंसा के सिलसिले में 40 ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।” उन्होंने बताया कि गांव में स्थिति नियंत्रण में है। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि गांव में करीब 400 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि ग्रामीणों ने रघुनाथ साहू को निशाना बनाया, क्योंकि उन्हें संदेह था कि उसने कचरू साहू की हत्या कर दी और कथित भूमि विवाद के चलते उसे पेड़ से लटका दिया। (इनपुट- एजेंसी)

यह भी पढ़ें- 

इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल, कैसा रहेगा इस हफ्ते का मौसम? पढ़ें IMD का लेटेस्ट अपडेट

मुंबई की एक अभिनेत्री के चक्कर में 3 IPS अधिकारियों पर गिरी गाज, हो गए सस्पेंड, जानें पूरा मामला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।