1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बिहार के सुपौल में डीएम के घर में चोरों ने किया हाथ साफ, 4 महीने में दूसरी बार हुई चोरी

बिहार के सुपौल में डीएम के घर में चोरों ने किया हाथ साफ, 4 महीने में दूसरी बार हुई चोरी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 02, 2021 11:08 pm IST,  Updated : Jan 02, 2021 11:08 pm IST

पुलिस के एक अधिकारी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए शनिवार को बताया कि सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में सारण के जिलाधिकारी सेन का घर है।

Bihar Thieves Saran DM, Bihar Thieves DM, Bihar Thieves Supaul DM, Bihar DM House Theft- India TV Hindi
बिहार के सारण जिले के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के सुपौल स्थित घर में 4 महीने के अंदर दूसरी बार चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

सुपौल: बिहार में कानून व्यवस्था से जुड़ी बुरी खबरों में किसी किस्म की कमी नजर नहीं आ रही है और इस बात को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रही है। सूबे में चोरों ने अब एक बड़े अधिकारी के घर में घुसकर चोरी की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिहार के सारण जिले के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन के सुपौल स्थित घर में 4 महीने के अंदर दूसरी बार चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गरम है और लोग तो अब कहने लगे हैं कि जब बड़े अधिकारी के घर चोर हाथ साफ कर रहे हैं, तो आम लोग कहां सुरक्षित रहेंगे।

ताला टूटा देखकर दंग रह गए लोग

पुलिस के एक अधिकारी ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए शनिवार को बताया कि सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में सारण के जिलाधिकारी सेन का घर है। उन्होंने बताया कि यह घर महीनों से बंद पड़ा है और वहां ताला लटक रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार की सुबह को ताला टूटा हुआ देखकर आसपास के लोग दंग रह गए और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब घर में पहुंची तब अंदर कमरों के ताले भी टूटे पाए गए। सूत्रों के अनुसार, घर के कई सामान गायब पाए गए हैं, हालांकि चोरी गए सामानों की सही जानकारी नहीं मिल पाई है।

‘मामले की जांच की जा रही है’
इस बारे में आगे बताते हुए राघोपुर के थाना प्रभारी प्रशांत कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के भाई घर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि शुक्रवार को ही चोरी की घटना को अंजाम दिया गया होगा। वहीं, गांव के लोगों का कहना है कि 4 महीने पहले भी डीएम के इसी घर में चोरी की घटना घटी थी। डीएम के घर में हुई चोरी की इस घटना के बाद आम जनता सकते में है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।