1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. बदनामी के डर से पिता ने की नाबालिग बेटी की हत्या, प्रेम प्रसंग से था नाराज

बदनामी के डर से पिता ने की नाबालिग बेटी की हत्या, प्रेम प्रसंग से था नाराज

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Apr 22, 2026 11:50 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 12:03 am IST

बिजनौर में एक पिता ने अपनी नाबालिग बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। वह उसके प्रेम प्रसंग से नाराज था। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : FILE (PTI)

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र से 'ऑनर किलिंग' का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी ही 17 वर्षीय नाबालिग बेटी की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि वह उसके प्रेम प्रसंग से नाराज था। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना बिंजाहेड़ी गांव की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगीना) राजेश सिंह ने बताया कि गांव के रहने वाले नजाकत ने अपनी बेटी आयशा (17) की गला घोंटकर हत्या कर दी। नजाकत दिल्ली की एक बेकरी में काम करता है और हाल ही में अपने घर लौटा था।

गांव के ही युवक के साथ रिश्ते में थी युवती

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जानकारी के अनुसार, आयशा गांव के ही एक युवक के साथ रिश्ते में थी। परिवार के लोग इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहे थे और आयशा को उस लड़के से दूरी बनाने के लिए कह रहे थे। बुधवार को नजाकत ने एक बार फिर अपनी बेटी को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब आयशा ने रिश्ता खत्म करने से साफ इनकार कर दिया, तो नजाकत आपा खो बैठा।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि समाज में बदनामी के डर और गुस्से में आकर उसने बेटी का गला घोंट दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने पुष्टि की है कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें-

CBI का बड़ा एक्शन, दिल्ली पुलिस का हेड-कांस्टेबल 2 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले के ठीक एक साल बाद कैसे हैं हालात, देखें तस्वीरें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।