1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. जेठानी का 14 तोला सोना-100 ग्राम चांदी साफ, बहू शिवानी निकली मास्टरमाइंड; हैरान कर देगी चोरी की ये कहानी

जेठानी का 14 तोला सोना-100 ग्राम चांदी साफ, बहू शिवानी निकली मास्टरमाइंड; हैरान कर देगी चोरी की ये कहानी

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Feb 10, 2026 02:00 pm IST,  Updated : Feb 10, 2026 02:00 pm IST

बिजनौर के थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव मंडोरा जट में सामने आई लूट की सनसनीखेज घटना ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस जांच में यह पूरा मामला एक सुनियोजित साजिश निकला

पुलिस ने बरामद किए...- India TV Hindi
पुलिस ने बरामद किए गहने। Image Source : REPORTER INPUT

बिजनौर के थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव मंडोरा जट में सामने आई लूट की सनसनीखेज घटना ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस जांच में यह पूरा मामला एक सुनियोजित साजिश निकला। स्वाट, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह स्पष्ट हुआ कि जिस महिला ने खुद को लूट का शिकार बताया था, वही इस पूरे घटनाक्रम की मुख्य किरदार थी।

जानें पूरा मामला

7 फरवरी को दर्ज कराई गई शिकायत में दावा किया गया था कि दिनदहाड़े 2 पुरुष और एक महिला ने घर में घुसकर अलमारियों के ताले तोड़े। बहू शिवानी पर चाकू से हमला किया और सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आया। सीनियर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और तत्काल जांच शुरू कर दी गई।

झूठी लूट की पटकथा का ऐसे हुआ पर्दाफाश

जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, वैसे-वैसे कहानी की परतें खुलने लगीं। पुलिस को कथित पीड़िता शिवानी के बयानों में कई अहम विरोधाभास मिले। तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल और घटनास्थल की बारीकी से जांच के बाद जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो सच्चाई सामने आ गई। शिवानी ने स्वीकार किया कि कोई बाहरी लुटेरा नहीं आया था। उसने खुद ही घर में चोरी की थी और शक से बचने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी। इतना ही नहीं, खुद को पीड़ित साबित करने के लिए उसने चाकू से अपनी गर्दन पर हल्की चोट भी बनाई थी, ताकि मामला वास्तविक लगे।

जेवरातों को गांव से बाहर गन्ने के खेत में छिपाया

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए आभूषणों को छिपाने के लिए शिवानी ने अपने भाई गोलू उर्फ पंकज और मां संजो देवी की मदद ली। जेवरातों को गांव से बाहर गन्ने के खेत में छिपाया गया ताकि किसी को भनक न लगे। 

भाई की शादी के लिए रुपयों की खातिर रची साजिश

पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि यह पूरी योजना भाई की शादी के लिए जेवरात जुटाने के उद्देश्य से बनाई गई थी। 10 फरवरी को पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर घर, खेत और अन्य स्थानों से चोरी किए गए सभी आभूषण, घटना में प्रयुक्त चाकू, अलमारी तोड़ने का लोहे का गुल्ला और मोटरसाइकिल बरामद कर ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मुकदमे में गंभीर धाराएं जोड़ते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस पूरे मामले ने न सिर्फ ग्रामीण क्षेत्र में चर्चा पैदा की है, बल्कि यह भी दिखा दिया कि कैसे एक झूठी कहानी के जरिए कानून को गुमराह करने की कोशिश की गई। हालांकि, सतर्क पुलिस जांच के चलते सच ज्यादा देर तक छिप नहीं सका और फर्जी लूट की साजिश पूरी तरह बेनकाब हो गई।

(रिपोर्ट- रोहित त्रिपाठी)

यह भी पढ़ें-

पौने 2 करोड़ की चोरी करने वाला चोर चढ़ा पुलिस के हत्थे, पास से 1 किलो 232 ग्राम सोने के आभूषण बरामद

अजित पवार के अंतिम संस्कार में चेन स्नैचरों ने मचाया आतंक, 25 से 30 लाख रुपये के गहने चोरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।