1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. शादी में महिलाओं की फोटो खींच रहे थे युवक, मना करने पर दुल्हन के चाचा को मार डाला

शादी में महिलाओं की फोटो खींच रहे थे युवक, मना करने पर दुल्हन के चाचा को मार डाला

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 11, 2021 04:59 pm IST,  Updated : Mar 11, 2021 04:59 pm IST

गरियाबंद जिले में विवाह के दौरान महिलाओं की फोटो खींचने से मना करने पर युवकों ने दुल्हन के चाचा की चाकू मारकर कथित रूप से हत्या कर दी।

Man Stabbed to Death, Man Stabbed to Death Wedding, Gariaband Murder, Chhattisgarh Man Dead- India TV Hindi
विवाह के दौरान महिलाओं की फोटो खींचने से मना करने पर युवकों ने दुल्हन के चाचा की चाकू मारकर कथित रूप से हत्या कर दी। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गरियाबंद जिले में विवाह के दौरान महिलाओं की फोटो खींचने से मना करने पर युवकों ने दुल्हन के चाचा की चाकू मारकर कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। घटना के बारे में जानकारी देते हुए गरियाबंद जिले के पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि दुल्हान के चाचा की हत्या के आरोपी चारों लड़कों को पकड़ लिया गया है।

‘डांस कर रही महिलाओं की फोटो खींच रहे थे आरोपी’

पुलिस ने बताया कि जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के जाड़ापदर गांव में मंगलवार-बुधवार की रात उदल राठौर (50) की हत्या के आरोप में पुलिस ने चार युवकों मिक्षीत सिन्हा (19), सूरज सिन्हा (18), चुनेश कुमार सिन्हा (19) और तोकेश्वर उर्फ छोटू नागेश (18) को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें मिली जानकारी के मुताबिक, जाड़ापदर गांव में एक युवती की शादी समारोह के दौरान महिलाएं और युवतियां नृत्य कर रही थी। इस दौरान वहां मौजूद गांव के 4 युवकों ने डांस कर रही महिलाओं की फोटो खींचनी और वीडियो बनाना शुरू कर दिया।

‘कुछ दूरी पर ले जाकर दुल्हन के चाचा को मारा चाकू’
पुलिस ने बताया कि जब दुल्हन के चाचा उदल ने उन्हें ऐसा करने से रोका तो वे नाराज हो गए और विवाद करने लगे। उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद युवक उदल को कुछ दूरी पर लेकर गए और उसके ऊपर चाकू से कई वार किए। पुलिस ने बताया कि जब घटना की जानकारी परिवार के अन्य लोगों की मिली तब उन्होंने उदल को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह परिजनों से घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताय कि मामले की जांच की जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।