1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दिल्ली: गीता कॉलोनी में पति ने काटा पत्नी का गला, पेंट की दुकान में काम करने वाले युवक की भी गोली मारकर हत्या

दिल्ली: गीता कॉलोनी में पति ने काटा पत्नी का गला, पेंट की दुकान में काम करने वाले युवक की भी गोली मारकर हत्या

 Reported By: Sanjay Sah Edited By: Akash Mishra
 Published : Sep 15, 2024 01:46 pm IST,  Updated : Sep 15, 2024 01:48 pm IST

दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी का गला काट कर हत्या कर दी। वहीं, दूसरी घटना में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

दिल्ली की गीता कॉलोनी में डबल मर्डर - India TV Hindi
दिल्ली की गीता कॉलोनी में डबल मर्डर Image Source : INDIA TV

दिल्ली की गीता कॉलोनी से डबल मर्डर की खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने अवैध संबंध के शक के चलते अपनी पत्नी की हत्या कर दी। अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद शख्स ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर आरोपी पति को गिफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मृतक महिला(27 वर्षीय  सुनीता)  का अपने पति किशन लाल से विवाद चल रहा था, जिस वजह से दोनों अलग अलग रहते थे।   

मां से मिलने आई थी मृतक महिला

शनिवार को सुनीता अपनी मां से मिलने के लिए गीता कालोनी आयी हुई थी, जिसकी खबर मिलने पर किशन लाल अपने तीनों बच्चों के साथ वहीं पहुंच गया। घर पहुंचने के बाद आरोपी ने बच्चों को घर के बाहर बैठा दिया और पत्नी के साथ खुद को कमरे में बंद कर लिया। 

कमरे में बंद करने के बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, इसी बीच किशन लाल ने चाकू निकाल कर सुनीता का गला काट दिया। किशन लाल चाकू को पहले से ही लेकर आया हुआ था। बाहर से सुनीता की मां चीखती चिल्लाती रही लेकिन किशन लाल ने कमरा नहीं खोला। 

बच्चों ने किया पुलिस को फोन 

महिला के बच्चों ने जब पुलिस को फोन किया तो मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर किशन लाल को गिरफ्तार कर किया और शव को कब्जे में लेकर हॉस्पिटल भेजा, जहां डॉक्टरों ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया। 

दुकान में पेंट करते समय मारी गोली 

वहीं,  गीता कालोनी इलाके में ही एक युवक की गोली मार हत्या कर दी गई। घटना उस समय हुई जब 20 वर्षीय शाहिद उर्फ आशु अपनी दुकान में पेंट का काम कर रहा था। घायल युवक को लोकनायक जयप्रकाश नारायण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मकान खाली करने को लेकर चल रहा था विवाद 

मिली जानकारी के मुताबिक शाहिद टेलरिंग का काम करता था। पुलिस के मुताबिक शाहिद के मकान की पहली मंजिल पर मुन्ना किराए पर रहता है। मकान खाली करने को लेकर मुन्ना और मकान मालिक शाहिद के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस को मुन्ना के दोनों बेटे चांद और इमरान पर शाहिद की हत्या करने का शक है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।