दिल्ली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक और उसके साथी ने एक नाबालिग को उसकी बहन के साथ संबंध होने के कारण 4 बार चाकू गोद दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे मरा समझकर मीरा बाग में एक नाले में फेंक दिया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी मनदीप उर्फ मोनू (26) को गिरफ्तार कर लिया है। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोनू और उसके साथी ने पीड़ित को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि पीड़ित का एक आरोपी की बहन के साथ संबंध था।
बातचीत करने के बहाने अपने साथ ले गए आरोपी
दोनों युवकों ने 18 मई को लड़के को बातचीत करने के बहाने अपने साथ चलने के लिए राजी किया था। इसके बाद वे उसे मीरा बाग के गंदा नाला क्षेत्र में ले गए, जहां उन्होंने उस पर चाकू गोदा। फिर यह मानते हुए कि लड़के की मौत हो गई है, आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने और अपराध को छिपाने के लिए उसे नाले में फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।"
ऐसे हुआ वारदात का खुलासा
यह मामला 19 मई को तब सामने आया जब PCR पर पुलिस को आसपास के इलाके में एक गंभीर रूप से घायल लड़के के मिलने की सूचना मिली। घायल लड़के को मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके शरीर पर चाकू के कई घाव पाए। बेहोश होने से पहले, नाबालिग ने अपने हमलावरों की पहचान शिवम और मंदीप उर्फ मोनू के रूप में की, जिसके बाद केस दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।
बर्दाश्त नहीं थी बहन से नजदीकी
क्राइम ब्रांच की टीम ने गुरुवार को नजफगढ़-नांगलोई रोड पर बक्करवाला मोड़ के पास मोनू को ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि उसके चचेरे भाई शिवम को पीड़ित के अपनी बहन से संबंध पर आपत्ति थी और वह उसे जान से मारना चाहता था। इसके बाद दोनों ने मिलकर योजना बनाई और उस पर हमला कर दिया।
2 महीने पहले जेल से रिहा हुआ था मोनू
पुलिस ने बताया कि उत्तम नगर निवासी मोनू पहले भी तीन आपराधिक मामलों में शामिल था, जिनमें दो सशस्त्र डकैती और एक मारपीट का मामला शामिल है। वह पिछले मामलों में सजा काटने के बाद लगभग दो महीने पहले जेल से रिहा हुआ था। पुलिस ने बताया कि सह-आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
यह भी पढ़ें-