1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. दिल्ली में सड़क किनारे मिली थी कार से कुचली लाश, CCTV की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

दिल्ली में सड़क किनारे मिली थी कार से कुचली लाश, CCTV की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस

 Published : Nov 05, 2025 07:23 am IST,  Updated : Nov 05, 2025 07:23 am IST

पश्चिम दिल्ली के मोती नगर फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे 54 वर्षीय रामकरन का शव पाया गया, जो कार से कुचला गया था। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी ड्राइवर मोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया।

Delhi News, Moti Nagar hit-and-run, hit-and-run accident- India TV Hindi
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

नई दिल्ली: पश्चिम दिल्ली के मोती नगर फ्लाईओवर के पास मंगलवार की सुबह एक शख्स को कार ने कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 54 साल के रेहड़ी चलाने वाले रामकरन के रूप में हुई है। घटना के कुछ घंटों बाद ही दिल्ली पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, रामकरन का शव फ्लाईओवर के पास मिला था और उनके पेट के निचले हिस्से और माथे पर गंभीर चोटें थीं।

फुटपाथ पर पड़ा मिला था रामकरन का शव

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 7:15 बजे PCR कॉल आई कि नजफगढ़ रोड पर एक बैंक्वेट हॉल के पास एक शव पड़ा है। एक सीनियर पुलिस अफसर ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया, 'पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो फुटपाथ पर एक आदमी का शव पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान साफ दिख रहे थे।' बाद में शव की शिनाख्त रामकरन के रूप में हुई। उनके सामान इधर-उधर बिखरे पड़े थे। पुलिस ने वारदात की जगह को सील कर दिया। बाद में मौके पर क्राइम और फॉरेंसिक टीमें बुलाई गईं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल भेज दिया गया।

CCTV फुटेज में दिखी सफेद रंग की डिजायर

पुलिस ने जांच के दौरान आसपास के कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज में सफेद रंग की एक डिजायर कार क्षतिग्रस्त हालत में दिखी, जिसे देखकर पुलिस ने घटना से जोड़ा। CCTV फुटेज में मिले सबूतों के आधार पर केस दर्ज हुआ। टेक्निकल निगरानी और लगातार पूछताछ के बाद नोएडा सेक्टर-53 को गुहोरी निवासी आरोपी ड्राइवर 25 साल के मोहित यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अफसर ने बताया कि इस मामले की जांच जारी है और CCTV फुटेज की अच्छी तरह जांच की जा रही है ताकि रामकरन की मौत की सही वजह और हादसे का पूरा सिलसिला साफ हो सके। (PTI)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।