1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 19 साल के युवक की बोरे में मिली लाश, हाथ-पैर बंधे थे; 1 फरवरी से था लापता

19 साल के युवक की बोरे में मिली लाश, हाथ-पैर बंधे थे; 1 फरवरी से था लापता

 Published : Feb 05, 2026 08:43 pm IST,  Updated : Feb 05, 2026 08:43 pm IST

ओडिशा में 4 दिन से लापता एक युवक जंगल में मृत अवस्था में मिला। युवक की लाश एक बंद बोरे में मिली है। आशंका जताई जा रही है कि 2-3 दिन पहले हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया था।

जंगली इलाके में बोरी...- India TV Hindi
जंगली इलाके में बोरी में मिला युवक का शव, दूसरी तस्वीर विलाप करते परिजनों की है। Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के ब्रजराजनगर इलाके में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पुलिस ने टांगर घाट के पास जंगल से एक 19 साल के युवक का शव बरामद किया। यह इलाका रामपुर आउटपोस्ट के अंतर्गत आता है। शव की हालत को देखते हुए पुलिस को हत्या की आशंका है। मृतक की पहचान साहिल साहिस के रूप में हुई है, जो बुगुडा पाड़ा गांव का रहने वाला था।

हत्या कर जंगल में फेंकी लाश

जानकारी के अनुसार, साहिल 1 फरवरी से घर से लापता था। उसके पिता ने इस संबंध में रामपुर आउटपोस्ट में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम टांगर घाट के जंगल में पहुंची। जंगल के अंदर एक बोरी पड़ी हुई मिली। जब पुलिस ने बोरी खोली तो उसके अंदर एक शव मिला, जिसके हाथ और पैर बंधे हुए थे और उससे तेज बदबू आ रही थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की दो से तीन दिन पहले हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया गया था।

3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ

घटना की जानकारी मिलते ही ब्रजराजनगर पुलिस के साथ साइंटिफिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की गई। जांच की निगरानी झारसुगुड़ा एसपी गुंडाला राघवेंद्र रेड्डी, एसडीपीओ चिंतामणि प्रधान और रामपुर आउटपोस्ट प्रभारी सुदर्शन बेहरा ने की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।

इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग युवक की नृशंस हत्या से स्तब्ध हैं और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

शर्मनाक: मुंबई में 20 साल की दिव्यांग युवती से दुष्कर्म, DNA रिपोर्ट के बाद पिता गिरफ्तार

गर्लफ्रेंड को ब्लॉक करना पड़ा भारी, लड़की ने युवक के दिल में चाकू मारकर कर दी हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।