1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. 6 साल की बच्ची से 12 महीने तक दुष्कर्म, पिता के साथ घर में मिली लाश, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैरान करने वाला खुलासा

6 साल की बच्ची से 12 महीने तक दुष्कर्म, पिता के साथ घर में मिली लाश, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैरान करने वाला खुलासा

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Feb 15, 2026 10:27 am IST,  Updated : Feb 15, 2026 10:27 am IST

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बच्ची के साथ लगभग एक साल तक शारीरिक दुष्कर्म हुआ। हालांकि, परिवार में किसी ने भी ऐसी किसी घटना के बारे में जानकारी नहीं दी है। पुलिस पूरी मामले की जांच में जुटी है।

crime- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : INDIA TV

केरल के कोच्ची में पिता और बेटी की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बच्ची की मौत से पहले उसके साथ दुष्कर्म हुआ था। छह साल की बच्ची के साथ यौन शोषण की यह पहली घटना नहीं थी। उसके साथ एक साल से ऐसा हो रहा था। इस खुलासे ने सभी को हैरान कर दिया है। परिवार के अन्य सदस्यों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

पुलिस ने रविवार को बताया कि एलमक्कारा में छह साल की बच्ची और उसके पिता की मौत के मामले में जांच जारी है। इस बीच पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि जनवरी में मौत से पहले बच्ची के साथ यौन शोषण हुआ था। इस खुलासे के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई है।

16 जनवरी को दिया गया था जहर

16 जनवरी को, बच्ची को कथित तौर पर जहर दिया गया था और फिर उसके पिता ने यहां किराए के घर में सुसाइड कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि पिछले एक साल से बच्ची के साथ कथित तौर पर यौन शोषण हो रहा था। बच्ची की मां ने जांच करने वालों को बताया है कि परिवार को ऐसी किसी घटना के बारे में पता नहीं था। पुलिस के मुताबिक, उसने उन्हें बताया कि जिस दिन पिता और बेटी मरे हुए मिले, उस दिन उसके पति के साथ पैसे के मामले को लेकर झगड़ा हुआ था। एलमक्कारा पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि जल्द ही रिश्तेदारों और परिवार के करीबी लोगों के बयान दर्ज किए जाएंगे।

स्कूल के शिक्षकों से भी बात करेगी पुलिस

अधिकारी ने कहा कि पुलिस उस स्कूल के शिक्षकों से भी बात करेगी जहां बच्ची पढ़ती थी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि जिस दिन पिता और बेटी मृत पाए गए थे, उस दिन कोई घर पर आया था या नहीं। अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद, पुलिस ने इस मामले में प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस (पॉक्सो) एक्ट भी शामिल किया है। इस घटना को पहले अप्राकृतिक मौत के तौर पर रजिस्टर किया गया था।

यह भी पढ़ें-

फिर से शुरू होने वाला है बारिश का दौर, दो दिन जमकर बरसेंगे बादल, पहाड़ों में होगी बर्फबारी, अलर्ट जारी

महाशिवरात्रि: काशी विश्वनाथ समेत देश भर के मंदिरों में भक्तों की भीड़, उज्जैन के महाकाल मंदिर में विशेष पूजा

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।