नई दिल्ली: दिल्ली के कालकाजी इलाके में किर्ग़िज़स्तान की एक महिला और उसके मासूम बच्चे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। महिला का नाम मिसकल जहूम्बेव और बेटे का नाम मानस है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, महिला ग्रेटर कैलाश-2 में अपने पति विनय के साथ रहती थी। सोमवार की रात महिला का अपने पति से अस्पताल जाने को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद महिला का पति विनय अपने एक दोस्त वाहिद से मिलने चला गया।
Related Stories
पुलिस ने बताया कि बाद में महिला ने अपनी एक दोस्त मतलुबा मदूसमोनोव, जो कि उज्बेकिस्तान की रहने वाली है और फिलहाल कालकाजी में रहती है, को अपने घर बुलाया। इसके बाद मतलुबा अपने एक तीसरे दोस्त अविनिष के साथ महिला और उसके बच्चे को अस्पताल ले गई। आज सुबह महिला और उसका बच्चा अपने दोस्त मतलुबा के कालकाजी स्थित घर पर मृत पाए गए और दोनों के शरीर पर चाकुओं के घाव थे।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में घर पर मौजूद महिला की दोस्त मतलुबा और अविनिष ने इस हत्या में शामिल होने की बात से इनकार किया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।