मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी चौथी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसे बिस्तर के नीचे दफना दिया, फिर पश्चाताप में उसकी कब्र पर सो गया और बाद में खुदकुशी कर ली।
दंपति के नहीं थी कोई संतान
बड़वाह थाने के प्रभारी बलराम सिंह राठौर ने शनिवार को कहा कि व्यक्ति की पहचान लक्ष्मण के रूप में हुई है, जिसकी शादी 40 वर्षीय रुक्मणी से छह साल पहले हुई थी। पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह लक्ष्मण की चौथी और रुक्मणी की तीसरी शादी थी। दंपति के कोई संतान नहीं थी।
दोनों शराब पीने के थे आदी
मामले की अधिक जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि लक्ष्मण और रुक्मणी दोनों शराब पीने के आदी थे। अक्सर झगड़ते रहते थे। शुक्रवार को लक्ष्मण सुलगांव गांव में अपने घर से बाहर आया और पड़ोसियों को बताया कि उसने कीटनाशक पी लिया है।
आ रही थी तेज दुर्गंध
पुलिस अधिकारी राठौर ने कहा कि जब तक ग्रामीणों ने अधिकारियों को सूचित किया, तब तक लक्ष्मण की मौत हो चुकी थी। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो उन्होंने रुक्मणी की तलाश की और लक्ष्मण के बिस्तर के नीचे जमीन से एक महिला का हाथ निकला हुआ पाया। घटनास्थल पर तेज दुर्गंध आ रही थी।
चार दिन पहले दफनाया गया शव
पुलिस ने शव को बाहर निकाल लिया है। माना जा रहा है कि शव को तीन से चार दिन पहले दफनाया गया था। उन्होंने कहा कि हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब भी लंबित है, लेकिन प्रारंभिक निष्कर्षों से पता चलता है कि लक्ष्मण ने रुक्मणी की गला घोंटकर हत्या की है।
अपने को घर में बंद कर लिया था
पुलिस अधिकारी राठौर ने कहा कि लक्ष्मण ने हाल के दिनों में घर को बंद कर दिया था और पड़ोसियों से कहा था कि उसकी पत्नी रिश्तेदारों से मिलने गई है। अधिकारी ने कहा कि दुर्गंध की वजह से शिकायतें आने लगीं। उन्होंने कहा कि पुलिस का मानना है कि अपराधबोध और घबराहट की वजह से लक्ष्मण ने आत्महत्या की है। (भाषा के इनपुट के साथ)