1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. पति ने सिलबट्टे से कुचला, फिर बेटे के सामने ऐसे मौत की नींद सुलाया; 3 मासूमों के सिर से उठा मां का साया

पति ने सिलबट्टे से कुचला, फिर बेटे के सामने ऐसे मौत की नींद सुलाया; 3 मासूमों के सिर से उठा मां का साया

 Published : Mar 17, 2026 08:25 pm IST,  Updated : Mar 17, 2026 08:26 pm IST

महोबा के एक गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति ने शादी के 14 साल बाद अपनी पत्नी की सिलबट्टे से सिर कुचलकर हत्या कर दी। घटना के समय मृतका के साथ उसका 7 वर्षीय छोटा बेटा मौजूद था, इसके बावजूद भी आरोपी पति का दिल नहीं पसीजा।

पति ने सिलबट्टे से...- India TV Hindi
पति ने सिलबट्टे से कुचलकर पत्नी की हत्या की (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Source : FREEPIK

यूपी के महोबा में सात जन्मों तक रिश्ता निभाने की कसमें खाने वाले पति ने शादी के महज 14 साल में ही शराब के नशे में धुत्त होकर पत्नी की सिलबट्टे से कूचकर निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

कत्ल की यह सनसनीखेज वारदात श्रीनगर थानाक्षेत्र के भंडरा गांव की है। यहां रहने वाले रामसिंह राजपूत ने शराब के नशे में बीती शाम हुए विवाद के बाद अपनी ही 36 वर्षीय पत्नी पवन की सिलबट्टे से कूचलकर निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। सुबह जब पड़ोसियों ने मृतका का शव पड़ा देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।

कुछ दिन पहले ही ससुराल आई थी मृतका

दरअसल, सीमावर्ती हमीरपुर जिले के उपरैथा गांव के रहने वाले भगवती प्रसाद की बेटी पवन का विवाह 14 वर्ष पहले श्रीनगर थाना क्षेत्र के भंडरा गांव के रहने वाले राम सिंह राजपूत के साथ संपन्न हुआ था। मृतका 14 वर्षों से अपने पति के साथ रह रही थी। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से शराबी पति आए दिन बेवजह मारपीट कर उसे प्रताड़ित कर रहा था। पति की प्रताड़ना से परेशान मृतका ने अपने पिता और भाइयों से शिकायत दर्ज कराई थी जिस पर परिजनों उसे घर ले गए थे और कुछ दिन पहले ही उसे वापस ससुराल भेजा गया था। 

पति की करतूत से गांव वाले भी दंग।
Image Source : REPORTER INPUTपति की करतूत से गांव वाले भी दंग।

तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

सोमवार शाम शराब के नशे में धुत्त होकर आए पति रामसिंह ने पवन को बेरहमी से पीटा और देर रात सिलबट्टे से कूचलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। मां की मौत के बाद 11 वर्षीय बेटे पीयूष, 9 वर्षीय बेटी परी और 7 वर्षीय बेटे आयुष का रो रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका के साथ उसका छोटा बेटा आयुष मौजूद था, इसके बावजूद भी आरोपी पति का दिल नहीं पसीजा और पत्नी को बेरहमी से हमला कर मौत की नींद सुला दिया।

पुलिस ने क्या कहा?

मामले को लेकर सीओ चरखारी दीपक दुबे ने बताया कि भंडरा गांव के रहने वाले राम सिंह राजपूत ने अपनी पत्नी को बेरहमी से मारा पीटा था। मारपीट में आई चोटों के चलते उसकी पत्नी की मौत हो गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

(रिपोर्ट- शांतनु सोनी)

यह भी पढ़ें-

बेंगलुरु में बर्बरता की हद! मैकेनिक की बच्चों के सामने हत्या, आखिरी सांस निकलने तक बैट से पीटा

गोरखपुर: मॉर्निंग वॉक पर निकले शख्स की गोली मारकर हत्या, मौत तक रुक कर इंतजार करते रहे हत्यारे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।