1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. कानपुर में दवा व्यापारी की घर में घुसकर हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट; पार्टी में गए थे बेटा-बहू

कानपुर में दवा व्यापारी की घर में घुसकर हत्या, गला रेतकर उतारा मौत के घाट; पार्टी में गए थे बेटा-बहू

 Written By: Amar Deep
 Published : Sep 06, 2026 11:38 am IST,  Updated : Sep 06, 2026 11:40 am IST

कानपुर में एक दवा व्यापारी की हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी उस वक्त घर में घुसे जब व्यापारी के बेटा-बहू पार्टी में गए थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

दवा व्यापारी की गला रेतकर हत्या।- India TV Hindi
दवा व्यापारी की गला रेतकर हत्या। Image Source : REPORTER INPUT

कानपुर: कल्याणपुर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट में शनिवार रात दवा व्यापारी विनीत मनोचा की उनके फ्लैट में गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय व्यापारी घर में अकेले थे। उनका बेटा पत्नी के साथ पार्टी में गया था। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे लौटने पर बेटे ने पिता का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अपार्टमेंट के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें दो संदिग्ध फ्लैट में दाखिल होते और करीब डेढ़ घंटे बाद बाहर निकलते दिखाई दिए। इनमें से एक की पहचान व्यापारी के यहां काम करने वाले नौकर के रूप में हुई है। पुलिस अब नौकर और उसके साथ आए दूसरे व्यक्ति की तलाश कर रही है।

पत्नी के साथ पार्टी में गया था बेटा

पुलिस के मुताबिक, विनीत मनोचा अपने बेटे सुबरात मनोचा के साथ रतन आर्बिट के सी-104 फ्लैट में रहते थे। शनिवार रात करीब 9:40 बजे सुबरात अपनी पत्नी के साथ पार्टी में जाने के लिए घर से निकले थे। उस समय विनीत फ्लैट में अकेले थे। CCTV फुटेज में सुबरात और उनका परिवार करीब 9:38 बजे अपार्टमेंट से बाहर निकलता दिखाई दिया।

8 मिनट बाद फ्लैट में पहुंचे संदिग्ध

पुलिस की जांच में सामने आया कि बेटे और बहू के निकलने के करीब आठ मिनट बाद, रात 9:46 बजे दो संदिग्ध अपार्टमेंट में पहुंचे। दोनों सीधे फ्लैट के अंदर चले गए। पुलिस को आशंका है कि संदिग्धों के पास फ्लैट की चाबी से जुड़ी जानकारी थी, क्योंकि उन्हें अंदर जाने में कोई परेशानी नहीं हुई। दोनों ने फ्लैट में ही विनीत मनोचा के लौटने का इंतजार किया। करीब 10:58 बजे विनीत फ्लैट में वापस आए। इसके लगभग आधे घंटे बाद रात 11:28 बजे दोनों संदिग्ध बाहर निकलते हुए CCTV में दिखाई दिए।

नौकर पर पुलिस का शक

जांच के दौरान CCTV फुटेज में दिखाई दे रहे एक संदिग्ध की पहचान व्यापारी के नौकर के तौर पर हुई है। मृतक के बेटे ने भी फुटेज में दिख रहे व्यक्ति को पहचानने की बात कही है। पुलिस को शुरुआती जांच में शक है कि नौकर व्यापारी से नाराज था। बताया जा रहा है कि विनीत उसके कामकाज से खुश नहीं रहते थे और उसे अक्सर डांटते थे। पुलिस इस रंजिश को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस अभी हत्या की वजह को लेकर किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

हत्या में साथी के शामिल होने की आशंका

CCTV में नौकर के साथ एक अन्य व्यक्ति भी दिखाई दे रहा है। पुलिस को आशंका है कि हत्या की साजिश में दोनों शामिल हो सकते हैं। दोनों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार और फ्लैट से किसी सामान के गायब होने की भी जांच कर रही है।

CCTV और फोरेंसिक जांच पर फोकस

पुलिस के लिए अपार्टमेंट की CCTV फुटेज जांच में अहम कड़ी बनी हुई है। फुटेज में संदिग्धों के फ्लैट में प्रवेश करने, व्यापारी के लौटने और बाद में दोनों के बाहर निकलने की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस अब CCTV और फोरेंसिक साक्ष्यों को जोड़कर हत्या की पूरी कड़ी सामने लाने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात के पीछे सिर्फ नौकर की कथित रंजिश थी या कोई दूसरी वजह भी थी। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)

यह भी पढ़ें-

जहरीली शराब ने फिर ली 11 लोगों की जान, सागर में 6 मदिरा दुकानें सील; जांच में जुटी पुलिस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।