1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. चोरी के शक में ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर पीटा, रात में होने लगी खून की उल्टी, इलाज के दौरान मौत, पढ़ें खौफनाक मामला

चोरी के शक में ग्रामीणों ने खंभे से बांधकर पीटा, रात में होने लगी खून की उल्टी, इलाज के दौरान मौत, पढ़ें खौफनाक मामला

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 30, 2026 12:55 pm IST,  Updated : Jun 30, 2026 12:59 pm IST

ओडिशा के खुर्दा जिले में चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को खंभे में बांधकर पीटा। इसके बाद युवक को रात में खून की उल्टी होने लगी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

odisha khurda man killed in suspicion of theft - India TV Hindi
चोरी के शक में पिटाई के बाद युवक की मौत। Image Source : REPORTER

ओडिशा के खुर्दा जिले के बाणपुर थाना क्षेत्र से भीड़ की हिंसा का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां चोरी के शक में एक युवक को गांव के बीच बिजली के खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का आरोप है। आहत युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान भीमपुर गांव के बघुआपदार साही निवासी 32 वर्षीय तोफान नायक के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, 28 जून की शाम करीब 4 बजे टोफान नायक किसी निजी काम से खानात गांव गया था। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उस पर चोरी का शक जताया। इसके बाद उसे गांव के बीचोंबीच एक बिजली के खंभे से बांध दिया गया और कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। घटना की सूचना 112 आपातकालीन सेवा को दी गई। सूचना मिलते ही बाणपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तोफान को खंभे से छुड़ाया और उसे बाणपुर थाने ले गई। थोड़ी देर बाद तोफान को उसके परिवार के जिम्मे सौंपा गया और परिजन  जिम्मानामा लिखकर तोफान को अपने साथ ले गए।

परिवार ने क्या आरोप लगाया?

मृतक के परिवार का आरोप है कि गांव वालों ने तोफान को इतनी बुरी तरह पीटा था कि उसके शरीर के अंदर गंभीर चोटें आई थीं। परिवार के अनुसार, घर लौटने के बाद रात में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे खून की उल्टियां होने लगीं। अगली सुबह करीब 6 बजे परिजन उसे बाणपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे भुवनेश्वर रेफर कर दिया। परिवार जब उसे कैपिटल हॉस्पिटल लेकर पहुंचा तो इलाज़ के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी सस्मिता नायक ने बाणपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खानात गांव निवासी 51 वर्षीय पवित्र राउत और 60 वर्षीय शरत कुमार स्वाईं के रूप में हुई है।

पुलिस ने क्या बताया?

इस मामले में खुर्दा के एसपी स्मिथ परमार ने बताया कि 28 जून को कुछ लोगों ने चोरी के शक में तोफान नायक के साथ मारपीट की थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे थाने लेकर आई थी। पुलिस के अनुसार, उस समय तोफान की हालत स्थिर थी। पुलिस ने यह भी कहा कि परिवार ने लिखित रूप से बताया था कि टोफान मानसिक रूप से कमजोर था, जिसके बाद उसे परिवार की जिम्मेदारी पर जाने दिया गया। घर जाने के बाद उसे  खून की उल्टियां होने लगीं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पूरे मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है।

अब तक क्या कार्रवाई हुई?

इस मामले में बानपुर थाना में केस संख्या 254/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 296, 103(1), 3(5) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(r)(s) और 3(2)(v-a) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना में और कितने लोग शामिल थे। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- शादी में मटन की जगह चिकन परोसने पर भड़का ऐसा विवाद..., 4 नाबालिगों ने कैटरिंग कर्मी का गला काटा

एकतरफा प्यार में हैवान बना युवक, युवती के घर में पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।