कानपुर: जिले के नरवल थाना क्षेत्र के नरौरा गांव में शुक्रवार शाम एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसियों के बीच बकरी को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने इतना विकराल रूप ले लिया कि मारपीट में एक महिला की जान चली गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिंसक झड़प में बदली नोकझोंक
पुलिस के अनुसार, नरौरा गांव में शुक्रवार शाम को महेश रैदास की बकरी पड़ोसी रामअवतार के घर के बाहर चली गई थी। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले तीखी नोकझोंक हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिसके चलते छह लोग घायल हो गए। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची 45 वर्षीय रानी पर पड़ोसियों अनुराग और लक्ष्मी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रानी को परिजनों ने तुरंत सरसौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उनकी हालत नाजुक होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी पूर्वी अंजलि विश्वकर्मा रात में ही नरौरा गांव पहुंचीं और दोनों पक्षों से पूछताछ की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। एसीपी चकेरी अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या और मारपीट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव में शांति बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस घटना के बाद नरौरा गांव में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय व्याप्त है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की है और गांव में गश्त बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
उत्तर प्रदेश: पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 82 डिप्टी SP के किए गए ट्रांसफर, सामने आई लिस्ट
बिहार SIR में कितने घुसपैठिये मिले, किन लोगों के नाम कटे? जानें मुख्य चुनाव आयुक्त ने क्या जवाब दिया