1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. रोहतक में हत्या का CCTV वीडियो आया सामने, 4 हमलावरों ने देवर-भाभी को गोलियों से भूना

रोहतक में हत्या का CCTV वीडियो आया सामने, 4 हमलावरों ने देवर-भाभी को गोलियों से भूना

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Nov 20, 2025 10:25 pm IST,  Updated : Nov 20, 2025 10:25 pm IST

हमलावरों ने गोली मारकर महिला की हत्या कर दी। बचाने आए देवर को भी गोली मार दी। महिला के भाईयों पर हत्या के आरोप लग रहे हैं। उसके पति ने अपनी जान को खतरा बताया है।

Rohtak Murder- India TV Hindi
मृतक सपना और उसका पति सूरज Image Source : REPORTER INPUT

हरियाणा के रोहतक में चार लोगों ने गोली मारकर एक महिला की हत्या कर दी। उसका देवर बचाने आया तो उसे भी गोली मार दी। घटना सदर थाना की है। काहनी गांव में देर रात करीब दस बजे कुछ युवकों ने घर में घुसकर गोलियां मारकर एक विवाहिता को मौत के घाट उतार दिया। हत्या का आरोप युवती के भाई पर लगा है। मृतका का देवर साहिल बचाने आगे आया तो उसे भी गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साहिल को पीजीआई ट्रामा सेंटर में दाखिल करवाया गया है। वारदात के समय घर पर मृतका का पति सूरज नहीं था। 

साल 2022 में सुरज ने अपनी जाति की गांव की रहने वाली सपना के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों की शादी से सपना का परिवार नाराज था। क्योंकि गांव के अंदर कोई शादी नहीं करता और यहां का समाज ऐसी शादी को मान्यता नहीं देता है। दोनों का एक बच्चा भी हुआ जो अभी दो साल का है। इसी के चलते इस वारदात को नाराजगी के चलते अंजाम दिया गया है या फिर कोई ओर कारण है, इसका पता तो पुलिस छानबीन के बाद ही बता पाएगी। फिलहाल रोहतक पुलिस ने गांव काहनी में पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। 

सूरज की मां ने क्या बताया

सूरज की मां ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे की बात है। सीसीटीवी में कुछ लोग घर में घुसते हुए नजर आए। कुछ देर में सपना के कमरे से गोली चलने की आवाज आई। मेरा छोटा बेटा साहिल उनको बचाने के लिए डंडा लेकर जैसे ही निकला उस पर भी गोली चलाई। गोली लगने से साहिल घायल हो गया। उसके बाद उन्होंने साहिल को अंदर की ओर खींचकर दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद वारदात को अंजाम देने आए युवकों ने दरवाजे पर भी फायरिंग की। गोली लगने की वजह से सपना की मौके पर ही मौत हो गई। 

सपना के परिजनों को मंजूर नहीं थी शादी

करीब 4 साल पहले सूरज ने सपना के साथ लव मैरिज की थी। दोनों एक ही गांव के थे। सपना का परिवार इससे खुश नहीं था। हमने कई बार कहा भी था कि आप अपनी लड़की को ले जाओ, लेकिन सपना खुद मना करती थी कि मैं अगर वहां जाऊंगी तो मुझे मारेंगे। मुझे अपनी जिंदगी यहीं जी लेने दो। सपना का एक बच्चा भी है। 2 दिन बाद वह 2 साल का होने वाला है, जिसको लेकर सपना उसका जन्मदिन मनाने के लिए तैयारी कर रही थी। लेकिन उससे पहले ही देर रात कुछ लोगों ने उसे मौत के घाट उतार दिया।

सपना के पति ने क्या बताया?

सपना के पति ने बताया कि मैं घर से कुछ दूरी पर था, जैसे ही आवाज सुनी मैं 5-7 मिनट के अंदर आया तो मैंने देखा कि गोली लगने की वजह से सपना की मौत हो चुकी थी और छोटे भाई को गोली लगी थी उसको लेकर पीजीआई आए। उन्होंने कहा कि सपना के भाई और कुछ लोगों ने मिलकर इसको अंजाम दिया है। साथ ही कहा कि जिस प्रकार से यह घटना हुई, मुझे और मेरे परिवार को जान का खतरा है। हमें सिक्योरिटी दी जाए और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा होनी चाहिए।

पुलिस का बयान

रोहतक डीएसपी रवि खुंडिया के अनुसार बुधवार रात दस बजे पुलिस सूचना मिली थी कि गांव काहनी में एक सपना नाम महिला की गोली मार कर हत्या कर दी गई है, जबकि उसके देवर साहिल को पेट में गोली लगी है। सपना ने अपने गांव के ही अपनी ही जाति के लड़के सूरज से शादी की थी। इसी रंजिश के चलते सपना के भाई संजू ने अपने तीन और साथियों के साथ घर में घुस कर सपना को गोली मारी। सपना को एक गोली लगी जिससे उसकी मौत हो गई है, जबकि साहिल को पेट में गोली लगी, जिसका पीजीआई में इलाज चल रहा है। सपना के शव का पोस्ट मार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी है।

(रोहतक से सुनील कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

पहली बार ''आतंक'' में नहीं आया नाम, अल-फलाह यूनिवर्सिटी का ये छात्र अहमदाबाद, जयपुर और गोरखपुर में करा चुका है धमाके

हरियाणाः स्टेज पर डांसर पायल चौधरी के साथ अश्लील हरकत और मारपीट, शर्मसार कर देने वाला वीडियो आया सामने

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।