1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. एटा में मासूम के साथ दरिंदगी, दुष्कर्म की घटना के बाद इस तरह से उतारा मौत के घाट

एटा में मासूम के साथ दरिंदगी, दुष्कर्म की घटना के बाद इस तरह से उतारा मौत के घाट

 Edited By: Amar Deep
 Published : Feb 11, 2024 07:37 pm IST,  Updated : Feb 11, 2024 07:37 pm IST

यूपी के एटा जिले में सात साल की एक मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को मौत के घाट उतार दिया। वहीं पुलिस को जब लापता होने की जानकारी मिली तो तलाश शुरू की गई। पुलिस को पीड़िता का शव सरसों के खेत में मिला।

सात साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या।- India TV Hindi
सात साल की मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

एटा: जिले के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां गाजीपुर पहोर गांव में कथित तौर पर एक 7 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं दुष्कर्म के बाद पीड़िता मासूम की गला घोंटकर हत्‍या कर दी गई। वहीं इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बच्ची का शव सरसों के खेत में फेंक दिया। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने खोजबीन की, जिसके बाद बच्ची के शव को सरसों के खेत से बरामद किया गया। वहीं घटना की सूचना पर वरिष्ठ अधीक्षक (SSP) राजेश कुमार सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय कुशवाहा भी मौके पर पहुंच गए।

शनिवार को लापता हुई बच्ची

एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात साढ़े 8 बजे थाना कोतवाली देहात पुलिस को 7 वर्षीय बच्ची के दोपहर 12 बजे से गायब होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम बनाकर मामले की तहकीकात के लिए श्वान दस्ते को बुलाया गया। पुलिस ने खोजी कुत्ते की निशानदेही पर उक्त बच्ची के शव को गांव के पास स्थित एक सरसों के खेत से बरामद कर लिया। उन्होंने परिजनों के हवाले से बताया कि बच्ची दोपहर लगभग 12 बजे अपनी सहेलियों के साथ गांव में ही खेलने के लिए गई थी। इसके बाद वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटी। उसकी मां ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। खोजी कुत्तों की मदद से पुलिस ने बच्ची का शव बरामद किया। 

खुलासे के लिए 4 टीमों का गठन

एसएसपी के अनुसार बच्ची के साथ प्रथम दृष्टया दुराचार होना तथा उसकी गला घोंटकर हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। वहीं उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिये चार टीमों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि हम शीघ्र ही कातिल को गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलाने का प्रयास करेंगे। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने बच्ची के शव को चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आगे तहरीर के आधार पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

(इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें- 

पहले बिहार फिर बंगाल... निर्दयी मां ने नाबालिग बेटी को 2 बार वेश्यालय में बेचा, मौत

कटे हुए पेड़ के बंटवारे को लेकर विवाद, एक ही परिवार के 3 लोगों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।