तमिलनाडु के तिरुवल्लूर-तिरुपति हाईवे पर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पुलिस अधिकारी ने हत्या के आरोपी को पकड़ने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी। पुलिस अधिकारी को एक किलोमीटर से ज्यादा समय तक तेज रफ्तार से चल रही कार से लटके हुए देखा गया।
पुलिस अधिकारी ने कार रोकने की कोशिश की
हत्या के आरोपी अजगुराजा की कार का पीछा कर रही स्पेशल पुलिस की टीम ने उसे गिरफ्तार करने के लिए कार को रोकने की कोशिश की, जैसे ही पुलिसकर्मी ने फ्रंट विंडो सीट पर हाथ लगाकर कार को रोकने को कहा तो आरोपी ने तेजी से कार भगा दी।
सड़क पर गिरा पुलिस अधिकारी
हेलमेट पहने अधिकारी ने कार पर लटक कर तकरीबन एक किलोमीटर तक कार को रोकने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। अधिकारी ने हेलमेट पहने हुए ही चलती हुई गाड़ी के किनारे से छलांग लगा दी और सड़क पर गिर गए।
फरार होने में सफल रहा आरोपी अजगुराजा
गनीमत रही कि इस पुलिसकर्मी को गंभीर चोटें नहीं लगी हैं। आरोपी, अजगुराजा वहां से फरार होने में सफल रहा। घटना का एक वीडियो वायरल हो गया है। अधिकारियों ने फरार आरोपी को पकड़ने के लिए गहन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।