1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. Assam News: असम के एक गांव की पंचायत के फैसले पर व्यक्ति को जलाया गया जिंदा, जानें क्या है पूरा मामला

Assam News: असम के एक गांव की पंचायत के फैसले पर व्यक्ति को जलाया गया जिंदा, जानें क्या है पूरा मामला

 Reported By: PTI Edited By: Shailendra Tiwari
 Published : Jul 10, 2022 04:49 pm IST,  Updated : Jul 10, 2022 04:49 pm IST

Assam News: पहले व्यक्ति को पीटा गया और बाद में उसे जिंदा जला दिया गया। इसके बाद, ग्रामीणों ने झुलसे हुए शव को दफना दिया। बोरदोलोई ने कथित तौर पर महिला की हत्या का अपराध कबूल किया था।

Representational image- India TV Hindi
Representational image Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • महिला की हत्या करने का लगा था आरोप
  • 5 लोगों को किया गया गिरफ्तार
  • इलाके में बढ़ा दी गई है सुरक्षा

Assam News: असम में नगांव जिले के एक गांव की पंचायत ने हैरान कर देने वाला फैसला लिया है। गांव की अवैध पंचायत ने एक व्यक्ति के खिलाफ उसे जिंदा जला देने का फरमान सुना दिया। और फैसले के बाद उस व्यक्ति को जिंदा जला भी दिया गया है। व्यक्ति पर एक महिला की हत्या करने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी। 

एक महिला का शव बरामद होने को लेकर हुई थी जन सुनवाई

पुलिस अधीक्षक लीना डोले ने कहा कि पुलिस ने 35 वर्षीय रंजीत बोरदोलोई को आग के हवाले करने के आरोप में 3 महिलाओं सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि घटना शनिवार रात समागुड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले बोरलालुनगांव और ब्रह्मपुर बमुनी में हुई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कुछ दिन पहले 22 वर्षीय एक महिला का तालाब से शव बरामद होने को लेकर जन सुनवाई तब हुई, जब एक दूसरी महिला ने दावा किया कि वह हत्या के इस घटना की चश्मदीद गवाह है।  महिला ने कथित तौर पर बोरदोलोई सहित 5 लोगों को महिला की हत्या करते देखा था। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण आरोपी को उसके घर से खींच कर लाए और एक पेड़ से बांध दिया और इसके बाद जनसुनवाई की गई। 

ग्रामीणों का दावा, व्यक्ति ने जादू-टोना करते हुए की थी महिला की हत्या

पुलिस अधिकारी ने बताया, "पहले व्यक्ति को पीटा गया और बाद में उसे जिंदा जला दिया गया। इसके बाद, ग्रामीणों ने झुलसे हुए शव को दफना दिया।" बोरदोलोई ने कथित तौर पर महिला की हत्या का अपराध कबूल किया था। अधिकारी ने बताया, "ग्रामीणों ने दावा किया कि व्यक्ति ने जादू-टोना करते हुए महिला की हत्या की थी। इसलिए उन्होंने उसे ऐसी ही सजा देने का फैसला किया।" 

पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि कब्र खोद कर शव को निकाल लिया गया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है। और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।