उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक व्यक्ति ने अवैध संबंधों के शक में पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात नागरझिरी के आदर्श नगर की है। पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उज्जैन के आदर्श नगर में रहने वाले वहीद लाला को अपनी पत्नी साजिदा के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था। उसने बताया कि वहीद लाला कुछ दिनों तक जेल में रहा था और अभी हाल ही में छूटकर बाहर आया था।
Related Stories
दोस्त को फोन पर दी पत्नी की हत्या की जानकारी
वहीद लाला को इस बात का शक था कि उसकी पत्नी का किसी से अवैध संबंध है। उसने अपने इसी शक के चलते सोमवार को अपनी पत्नी के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने एक दोस्त को फोन लगाया और उससे कहा कि उसने अपनी पत्नी को मार दिया है। दोस्त को पत्नी की हत्या की सूचना देने के बाद लाला फरार हो गया। आरोपी के पड़ोसियों ने बताया है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था और उसी के चलते यह घटना हुई है।
इंदौर में भी अवैध संबंध के शक में गई थी एक जान
बता दें कि बीते रविवार को ही मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर में पत्नी से अवैध संबंध होने के शक में पति ने एक व्यक्ति की गले में चाकू मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, धर्मेंद्र यादव बाणगंगा थाना क्षेत्र के भागीरथपुरा में रहता था और उसके साथ रीना नाम की महिला भी मजदूरी करती थी। उसने बताया कि रीना मूल रूप से राजस्थान की रहने वाली है, और उसका पति संजीव किसी फैक्ट्री में हेल्पर के तौर पर काम करता है।
हत्या करने के बाद खुद थाने पहुंचा था आरोपी
पुलिस ने बताया कि धर्मेंद्र का रीना के घर में आना-जाना था, इसी के चलते संजीव को शक था कि धर्मेंद्र के उसकी पत्नी से अवैध संबंध हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, रविवार को संजीव ने धर्मेंद्र को अपने घर बुलाया और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि उसके बाद संजीव खुद थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। (IANS)