1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. यूपी के हमीरपुर में जंगल से बरामद हुआ युवती का सड़ा-गला शव, एक आरोपी गिरफ्तार

यूपी के हमीरपुर में जंगल से बरामद हुआ युवती का सड़ा-गला शव, एक आरोपी गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 23, 2020 11:36 am IST,  Updated : May 23, 2020 11:36 am IST

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में 4 दिन पहले लापता हुई एक युवती का क्षत-विक्षत शव पुलिस ने जंगल की झाड़ियों से बरामद किया।

Woman murdered in Hamirpur, Woman murdered, Hamirpur- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में 4 दिन पहले लापता हुई एक युवती का क्षत-विक्षत शव पुलिस ने जंगल की झाड़ियों से बरामद किया। Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में 4 दिन पहले लापता हुई एक युवती का क्षत-विक्षत शव पुलिस ने जंगल की झाड़ियों से बरामद किया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉयड की मदद से इस सिलसिले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया। सदर पुलिस उपाधीक्षक (CO) अनुराग सिंह ने बताया कि शुक्रवार को ग्रामीणों की सूचना पर 20 साल की युवती का शव यमुना नदी के किनारे जंगल की झाड़ियों से बरामद किया गया जिसकी शिनाख्त बड़ागांव निवासी हरदौल निषाद की बेटी ललिता के रूप में हुई है।

हत्यारे तक पहुंचा डॉग स्क्वॉयड

उन्होंने बताया, ‘युवती 19 मई की दोपहर खेत से घर लौटते समय रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके पिता ने थाने में दूसरे दिन दर्ज करवाई थी। शव मिलने की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक सन्तोष कुमार सिंह भी घटनास्थल का निरीक्षण करने डॉग स्क्वॉयड के साथ पहुंचे थे। डॉग स्क्वॉयड घटनास्थल से कुछ दूरी पर बने सुमेरपुर प्रखंड प्रमुख के निजी नलकूप (ट्यूबवेल) पर जाकर रुक गया जहां मौजूद प्रखंड प्रमुख के मौसेरे भाई शिवनारायण यादव और उसी गांव के अतुल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।’

नलकूप पर पानी पीने गई थी युवती
उन्होंने बताया कि पूछताछ में अतुल ने स्वीकार किया कि युवती और उसका मिलना-जुलना था। मंगलवार (19 मई) की दोपहर युवती नलकूप पर पानी पीने आई थी। इसी दौरान दोनों में विवाद हुआ और उसने युवती के दुपट्टे से गला घोटकर उसकी हत्या कर दी और शव झाड़ियों में छिपा दिया था। सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (SHO) शरदचन्द्र पटेल ने बताया कि युवती के पिता की तहरीर पर सुमेरपुर के प्रखंड प्रमुख जयनारायण यादव, उसके छोटे भाई राजनारायण, मौसेरे भाई शिवनारायण, अतुल सिंह और अटल सिंह के खिलाफ हत्या और शव छिपाने का मुकदमा दर्ज कर अतुल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पटेल ने बताया कि इस मामले में बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। एसएचओ ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया है जिसकी रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों का पता चलेगा। फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।