1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. E20 के विरोध में अरविंद केजरीवाल का पीएम हाउस तक मार्च, पुलिस ने बीच में रोका, रोड पर ही धरने पर बैठे पूर्व सीएम

E20 के विरोध में अरविंद केजरीवाल का पीएम हाउस तक मार्च, पुलिस ने बीच में रोका, रोड पर ही धरने पर बैठे पूर्व सीएम

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 04, 2026 12:36 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 01:09 pm IST

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे हैं। वह पीएम हाउस तक मार्च के लिए निकले थे। पुलिस ने केजरीवाल के काफिले को बीच में ही रोक लिया।

E20 के खिलाफ धरने पर बैठे पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल- India TV Hindi
E20 के खिलाफ धरने पर बैठे पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल Image Source : X/AAMAADMIPARTY

E20 पेट्रोल के विरोध में दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पार्टी कार्यालय से पीएम हाउस तक मार्च के लिए निकले। पुलिस ने केजरीवाल के साथ अन्य 100 लोगों को बीच रास्ते में ही रोक लिया। केजरीवाल अपने साथियों के साथ रोड पर ही धरने पर बैठ गए। पीएम हाउस की ओर जा रहे अरविंद केजरीवाल के काफिले को फिरोजशाह कोटला रोड पर रोका गया है।

मनीष सिसोदिया, संजय सिंह समेत कई नेता मौजूद

अरविंद केजरीवाल के साथ मनीष सिसोदिया, संजय सिंह समेत कई अन्य आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद हैं। सभी लोग ई-20 पेट्रोल के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं।

E20 पेट्रोल पॉलिसी को जबरदस्ती लागू करने का विरोध

अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार दोपहर 12:00 बजे आम आदमी पार्टी के कार्यालय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक शांतिपूर्ण मार्च का नेतृत्व शुरू किया था। पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि यह मार्च E20 पेट्रोल पॉलिसी को जबरदस्ती लागू करने के विरोध में किया जा रहा है।

पीएम मोदी को सौंपने जा रहे 2 लाख पत्र

मार्च शुरू करने पहले केजरीवाल ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दो लाख से ज्यादा लोगों के पत्र सौंपेंगे। पेट्रोल में इथेनॉल मिलाकर जनता पर जबरदस्ती थोपा जा रहा है।

केजरीवाल की ये हैं तीन मांगें

इससे पहले सोमवार को अरविंद केजरीवाल ने देश में E20 पॉलिसी लागू करने के विरोध में कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के बाहर एक राष्ट्रीय टाउन हॉल कार्यक्रम किया था। केजरीवाल ने इस मुद्दे पर केंद्र के सामने तीन मांगें रखीं थी। 

  1. पेट्रोल पंपों पर E20 और शुद्ध पेट्रोल, दोनों का विकल्प होना चाहिए 
  2. E20 शुद्ध पेट्रोल से सस्ता होना चाहिए 
  3. पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम होनी चाहिए

इसके साथ ही पूर्व सीएम केजरीवाल ने दावा किया कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की वजह से गाड़ियां खराब हो रही हैं। उनका माइलेज भी कम हो रहा है।

E20 पेट्रोल पर क्या बोली सरकार?

ई-20 पेट्रोल पर सरकार की ओर से भी स्पष्टीकरण पहले ही आ गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (EBP) प्रोग्राम को एक चरणबद्ध, वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित और विचार-विमर्श वाली प्रक्रिया के ज़रिए लागू किया गया है। इस प्रक्रिया में नीति आयोग, ऑटोमोबाइल निर्माता, ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (OMCs), ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ARAI), सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM), इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम (IIP) और अन्य तकनीकी संस्थान शामिल रहे हैं।

ये भी पढ़ें: 

15 अगस्त को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट, जानें राजधानी में ड्रोन और हॉट एयर बैलून उड़ाने पर कब से कब तक लगाई रोक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।