1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दुकान के बाहर लिखा जाए कौन है इसका असली मालिक? अब दिल्ली में BJP विधायक ने की CM से निर्देश देने की मांग

दुकान के बाहर लिखा जाए कौन है इसका असली मालिक? अब दिल्ली में BJP विधायक ने की CM से निर्देश देने की मांग

 Published : Mar 31, 2025 10:16 pm IST,  Updated : Mar 31, 2025 10:21 pm IST

बीजेपी विधायक ने कहा कि नवरात्र में पवित्र सामान खरीदने के लिए ग्राहकों को उचित विकल्प चुनने में मदद मिल सकेगी। इसलिए दुकानों के बाहर असली मालिक का नाम लिखे जाने का निर्देश दिया जाना चाहिए।

सीएम रेखा गुप्ता- India TV Hindi
सीएम रेखा गुप्ता Image Source : FILE PHOTO

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक तरविंदर मारवाह ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से एक खास मांग की है। बीजेपी विधायक ने शहर के सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर ‘असली’ मालिक का नाम और आधार विवरण प्रदर्शित करने का निर्देश देने की मांग की है। ताकि लोगों को नवरात्र के दौरान पवित्र चीजों की खरीदारी करते समय ‘उचित विकल्प’ चुनने में मदद मिल सके।

बीजेपी विधायक ने सीएम रेखा गुप्ता को लिखा पत्र

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को 30 मार्च को लिखे पत्र में बीजेपी विधायक मारवाह ने कहा है कि यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि समारोह आपसी सम्मान और सद्भाव के साथ आयोजित किए जाएं। जंगपुरा से विधायक मारवाह ने लिखा है, 'मैं आपके कार्यालय से अनुरोध करता हूं कि वह दिल्ली के सभी दुकानदारों को अपनी दुकान के सामने मालिक के नाम और आधार विवरण वाली पट्टिका लगाने का निर्देश जारी करें।'

उचित विकल्प चुनने में मिलेगी मदद

इसके साथ ही बीजेपी विधायक ने कहा कि इससे लोगों को पवित्र चीजों की खरीदारी करते समय ‘उचित विकल्प’ चुनने और अपने अनुष्ठानों की पवित्रता बनाए रखने में मदद मिलेगी। मारवाह ने स्पष्ट किया कि उनकी यह मांग किसी विशेष समुदाय के खिलाफ नहीं है। 

बीजेपी विधायक तरविंदर मारवाह
Image Source : FILE PHOTO बीजेपी विधायक तरविंदर मारवाह

अभी दुकानों में असली मालिक के बजाय लिखे जाते हैं दूसरे नाम

बीजेपी विधायक मारवाह ने कहा कि उन्होंने ईद के पर्व को लेकर भी इस तरह का निर्देश जारी करने की मांग की है। मारवाह ने कहा, 'मुझे शिकायतें मिली थीं कि दुकानों पर असली मालिक के बजाय किसी अन्य व्यक्ति के नाम प्रदर्शित किए जाते हैं। मैंने खुद इसकी जांच की और पाया कि यह सच है।' इसके साथ ही उन्होंने कहा, 'दुकान के असली मालिक का नाम और उनका आधार विवरण प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाना चाहिए।'

(भाषा के इनपुट के साथ)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।