1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi MCD By-Election: दिल्ली नगर निगम की 12 सीटों पर उपचुनाव, कुल 31.3 प्रतिशत मतदान हुआ, नतीजे 3 दिसंबर को

Delhi MCD By-Election: दिल्ली नगर निगम की 12 सीटों पर उपचुनाव, कुल 31.3 प्रतिशत मतदान हुआ, नतीजे 3 दिसंबर को

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Updated : Nov 30, 2025 09:17 pm IST

Delhi MCD By-Election: दिल्ली नगर निगम की रिक्त पड़ी 12 सीटों के लिए उपचुनाव में 31.3 फीसदी मतदान हुआ। इसके नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

नगर निगम की 12 सीटों के लिए उपचुनाव- India TV Hindi
नगर निगम की 12 सीटों के लिए उपचुनाव Image Source : PTI/FILE

Delhi MCD By-Election: राजधानी दिल्ली में रविवार को नगर निगम की 12 सीटों पर मतदान हुआ। इस उपचुनाव में आप और भाजपा सहित तमाम दल पूरी तैयारी के साथ उतरे। एमसीडी के 12 वार्ड के लिए रविवार को हुए उपचुनाव के दौरान मतदान धीमा रहा और शाम चार बजे तक कुल 31.3 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। राज्य निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी। मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ था। कुल 12 वार्ड में हुए मतदान के दौरान चांदनी महल में सर्वाधिक 41.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। संगम विहार-ए में 38.62 प्रतिशत और मुंडका में 37.82 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे कम मतदान ग्रेटर कैलाश में दर्ज किया गया। वहां केवल 20.87 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। द्वारका-बी में 23.72 प्रतिशत, चांदनी चौक में 27.91 प्रतिशत, अशोक विहार में 28.13 प्रतिशत और शालीमार बाग-बी में 28.28 प्रतिशत मतदान हुआ। मतगणना तीन दिसंबर को होगी। परिणामों से यह संकेत मिलने की संभावना जताई जा रही है कि वर्ष की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बड़ी जीत के बाद राष्ट्रीय राजधानी के मतदाताओं का रुख किस ओर है।

Delhi MCD By-Election

Auto Refresh
Refresh
  • 4:36 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    बीजेपी उम्मीदवार का बयान

    ग्रेटर कैलाश वार्ड-173 से बीजेपी उम्मीदवार अंजुम मंडल ने कहा, "मैं यहां अपने सभी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने आई हूं। मेरी जनता से अपील है कि वे अपने घरों से बाहर निकलें ताकि बीजेपी की लीडरशिप में ग्रेटर कैलाश इलाके में विकास हो सके। उन्हें ही हमें जिताना है, और उन्हें ही हमारे साथ खड़ा होना है, तभी हम ग्रेटर कैलाश वार्ड को दिल्ली का नंबर वन वार्ड बना पाएंगे।"

  • 4:23 PM (IST)
    Posted by Shakti Singh

    आसानी से चल रही चुनाव प्रक्रिया

    एमसीडी उपचुनावों पर, दिल्ली में स्टेट इलेक्शन कमीशन के जॉइंट सेक्रेटरी आदेश्वर कांत ने कहा, "हमारे चुनाव के इंतजाम बहुत अच्छे थे और सुबह से चुनाव प्रक्रिया आसानी से चल रही है। चुनाव आसानी से और बिना किसी दिक्कत के चल रहे हैं। वोटर खुशी के माहौल में अपना वोट डाल पा रहे हैं, क्योंकि हमने चुनाव के प्रोसेस को आसान बना दिया है और आसान सुविधाएं दी हैं। हमारा निगम चुनाव दिल्ली ऐप बहुत सारे फीचर वाला है और इसका इंटरफेस बहुत अच्छा है। यूजर वोटर, पोलिंग स्टेशन, शिकायत दर्ज करने और उम्मीदवारों के बारे में जान सकते हैं। इसके अलावा, हमने अब एक QMS सिस्टम लागू किया है जो हर पोलिंग स्टेशन पर लाइनों की संख्या और अभी इंतजार कर रहे लोगों की संख्या रिकॉर्ड करता है। यह जानकारी सभी वोटर के लिए उपलब्ध है। पहली बार, न सिर्फ उपचुनाव में बल्कि आम चुनाव में भी, हमने दिल्ली के सभी 580 पोलिंग स्टेशनों को वेबकास्ट किया है, जिसमें से 100% को कवर किया गया है। वेबकास्टिंग का एक बड़ा फायदा यह है कि हम इसे रियल टाइम में मॉनिटर कर सकते हैं। स्टेट इलेक्शन कमीशन हर पोलिंग स्टेशन पर नजर रखता है, और यह सुविधा आरओ लेवल पर भी उपलब्ध है। आरओ इसे सीधे रियल टाइम में मॉनिटर कर सकते हैं, इसलिए हमें अभी तक ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली है। दूसरी छोटी-मोटी दिक्कतें, जैसे भीड़भाड़ या ऐसी ही दूसरी दिक्कतें, आरओ लेवल पर ही हैंडल की जाती हैं।"

  • 3:07 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दोपहर 1.30 बजे तक 21.84 प्रतिशत मतदान

    राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि रविवार को 12 वार्डों के लिए हुए एमसीडी उपचुनाव में दोपहर 1.30 बजे तक 21.84 प्रतिशत मतदान हुआ। संगम विहार-ए वार्ड में सबसे अधिक 29.48 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि ग्रेटर कैलाश में सबसे कम 13.92 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल डाले गए मतों में 89,242 (23.77 प्रतिशत) पुरुष और 63,539 (19.60 प्रतिशत) महिलाएं शामिल हैं, जबकि 12 वार्डों के कुल 52 तृतीय लिंग मतदाताओं में से केवल 7 (13.46 प्रतिशत) ने मतदान में भाग लिया।

  • 2:31 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सुबह 11.30 बजे तक 12.63 प्रतिशत मतदान

    राज्य चुनाव आयोग ने बताया कि रविवार को 12 वार्डों के लिए हुए एमसीडी उपचुनाव में सुबह 11.30 बजे तक 12.63 प्रतिशत मतदान हुआ। उपचुनाव के लिए मतदान रविवार सुबह 7.30 बजे शुरू हुआ और शाम 5.30 बजे समाप्त होगा। संगम विहार ए वार्ड में सबसे अधिक 19.98 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद मुंडकर में 17.02 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सबसे कम मतदान ग्रेटर कैलाश में दर्ज किया गया, जहां 7.16 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। 

  • 1:36 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    स्थानीय मुद्दों पर रहेगा ध्यान: BJP प्रत्याशी चंद्रकांता शिवानी

    नारायणा (वार्ड 139) से चुनाव लड़ रही भाजपा उम्मीदवार डॉ. चंद्रकांता शिवानी ने कहा, "भाजपा ने मुझ पर भरोसा जताया है और मुझे उम्मीदवार बनाया है। मुझे उम्मीद है कि नारायणा वार्ड के लोग मुझे भारी जीत दिलाएँगे। एमसीडी पार्कों को साफ़-सुथरा रखना, टूटी सड़कों की मरम्मत, पानी की समस्या का समाधान और पिछली आप सरकार द्वारा 11 सालों में पूरे न किए जा सकने वाले वादों को पूरा करना जैसे स्थानीय मुद्दों पर हमारा ध्यान रहेगा।"

     

  • 1:02 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    BJP ने बेईमानी करने की कोशिश की: सौरभ भारद्वाज

    MCD उपचुनाव पर AAP प्रेसिडेंट सौरभ भारद्वाज ने कहा, "नई दिल्ली में 12 MCD वार्ड में उपचुनाव हो रहे हैं। इनमें से तीन वार्ड AAP के हैं और नौ BJP के। इस छोटे से चुनाव में भी BJP ने बेईमानी करने की कोशिश की। दक्षिणपुरी वार्ड में, पुराने SHO रामपाल, BJP कैंडिडेट के साथ वोट के लिए कैंपेन कर रहे हैं, लोगों को डरा-धमका रहे हैं। हमने वीडियो पब्लिक को जारी किया है। कमिश्नर, पुलिस और इलेक्शन कमीशन ने अभी तक उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया है। हमने मुंडका, दक्षिणपुरी और कई दूसरे इलाकों में देखा और पता लगाया कि कैसे BJP के लोग वोटिंग से एक रात पहले गरीब लोगों को मंदिरों में इकट्ठा करते हैं। वे वहां क्या कर रहे थे? पैसे बांट रहे थे? लालच दे रहे थे? इलेक्शन कमीशन ने उनके कामों की जांच भी नहीं की। इसलिए, हमारा मानना है कि अगर BJP छोटे चुनाव में ऐसी बेईमानी कर सकती है, तो वे बड़े चुनाव में क्या कर सकती है?"

     

  • 12:42 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने किया मतदान

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग के एक पोलिंग बूथ पर वोट डाला। इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "दिल्ली में 12 (MCD) सीटों पर आज उपचुनाव है और जनता का ढेर सारा प्यार, सम्मान और समर्थन भाजपा के प्रत्याशियों को मिल रहा है। मैं सभी से इतना निवेदन करना चाहती हूं कि अपने मत का प्रयोग जरूर करें और मतदान करने जरूर जाएं। मेरी ओर से सभी को शुभकामनाएं।" सीएम ने आगे कहा, "जनाधार तो दिल्ली की जनता ने पिछले चुनाव में पहले ही बता दिया था और आने वाले समय में फिर एक बार उनकी(AAP) कथनी और करनी में फर्क सामने आएगा।"

  • 12:20 PM (IST)
    Posted by Amar Deep

    भाजपा अच्छे बहुमत से विजयी होगी: वीरेंद्र सचदेवा

    दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एमसीडी उपचुनाव 2025 पर कहा, "जितना लोगों से मिलना हुआ है मतदाताओं का रुझान बताता है कि भाजपा का कमल इस वार्ड में खिलेगा। चांदनी चौक में हमारे सांसद और दिल्ली की सरकार भी हमारी है तो लोगों को इस बात का भरोसा है कि पार्षद भी बीजेपी का हुआ तो यहां पर बेहतर काम होगा। भाजपा अच्छे बहुमत से विजयी होगी।"

  • 11:35 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    भारी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

    राज्य निर्वाचन आयोग ने उपचुनाव के लिए 143 मतदान केंद्रों पर कुल 580 बूथ स्थापित किए हैं। निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान के लिए निर्वाचन आयोग के 2,320 कर्मी, 580 होमगार्ड और 2,265 अन्य कर्मचारी तैनान किए गए हैं साथ ही केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 13 कंपनी भी तैनात की गई हैं। 

  • 10:59 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    12 की 12 सीटें आ सकती हैं: मनोज तिवारी

    भाजपा नेता मनोज तिवारी ने एमसीडी उपचुनाव 2025 कहा, "आज चुनाव हो रहा है। अब आम आदमी पार्टी मुकाबले से बहुत दूर है। इस चुनाव में भाजपा की 12 की 12 सीटें आ सकती हैं।"

  • 10:32 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सुबह 9.30 बजे तक 5.40 प्रतिशत मतदान

    दिल्ली के 12 वार्डों पर हो रहे उपचुनाव में सुबह 9.30 बजे तक 5.40 प्रतिशत मतदान हुआ है। यहां सबसे ज्यादा मतदान 9.44 प्रतिशत संगम विहार-ए में हुआ है, जबकि सबसे कम मतदान 2.77 प्रतिशत ग्रेटर कैलाश में हुआ है। 

  • 10:07 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी ने किया मतदान

    पटपड़गंज से भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी ने वोट डालने के बाद कहा, "मैंने विनोद नगर के विकास के लिए वोट दिया है। मुझे लगता है कि हम अच्छे अंतर से जीतेंगे। लोग विकास और काम को पसंद कर रहे हैं। हम सभी 12 सीटें जीतेंगे।"

     

  • 9:39 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    सीएम रेखा गुप्ता ने की मतदान की अपील

    दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "सम्मानित मतदाताओं, आज 12 वार्डों में होने वाले नगर निगम के उपचुनाव एक निर्वाचन प्रक्रिया से कहीं बढ़कर हमारी साझा आकांक्षाओं को सशक्त करने का अवसर है। आपका एक-एक मत यह तय करेगा कि आपके वार्ड में प्रशासनिक पारदर्शिता, सुशासन और जनसेवा की वह धारा आगे बढ़े, जहां विकास केवल वादों में नहीं, अपितु ज़मीनी हकीकतों में दिखाई दे।"

    रेखा गुप्ता ने आगे लिखा, "मैं आप सभी से आग्रह करती हूं कि लोकतंत्र के इस उत्सव में प्रतिभाग करके अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। घरों से निकलकर मतदान केंद्र तक पहुंचें और उस उम्मीदवार एवं दल को चुनें जो आपके क्षेत्र को सुरक्षित, सक्षम और विकासोन्मुख बनाकर आपकी आकांक्षाओं को प्राथमिकता दे सके। आपका एक मत दिल्ली के उज्ज्वल भविष्य को संवारकर 'विकसित दिल्ली' का निर्माण करेगा। पहले मतदान, फिर जलपान!"

  • 9:09 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    मतदान केंद्रों पर वोट डाल रहे मतदाता

    दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। शालीमार बाग स्थित एक मतदान केंद्र पर वोट डालने गए मतदाता ने कहा, "मैंने अपना वोट डाला है, और मैंने ऐसा इसलिए किया है क्योंकि अपने देश, समाज और परिवार को सबसे सुरक्षित हाथों में सौंपना मेरा कर्तव्य है। इसलिए, मतदान करके मैं सर्वश्रेष्ठ लोगों को चुन सकता हूं।"

  • 8:12 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    इन 12 सीटों पर हो रहा है उपचुनाव

    मुंडका

    शालीमार बाग

    अशोक विहार

    चांदनी चौक

    चांदनी महल

    द्वारका

    दिचाऊं कलां

    नारायणा

    संगम विहार

    दक्षिण पुरी

    ग्रेटर कैलाश

    विनोद नगर

     

  • 7:53 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    शालीमार बाग में मॉक पोल

    एमसीडी उपचुनाव के लिए मतदान से पहले शालीमार बाग स्थित एपी ब्लॉक और जीबीएसएसएस में मॉक पोल की वीडियो सामने आई हैं। शालीमार बाग बी वार्ड से भाजपा ने अनीता जैन, आप की बबीता राणा और कांग्रेस ने सरिता कुमार को मैदान में उतारा है, जिससे त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है।

  • 7:36 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    12 सीटों पर वोटिंग शुरू

    दिल्ली में नगर निगम की 12 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। सुबह से ही मतदाता वोटिंग के लिए बूथों पर पहुंच रहे हैं।

  • 7:24 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    3 दिसंबर को होगी मतगणना

    एमसीडी उपचुनाव के लिए आज रविवार को मतदान संपन्न किया जाएगा। इसके अलावा मतगणना के लिए 03 दिसंबर की तारीख तय की गई है।

  • 7:05 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    रेखा गुप्ता की सीट पर भी उपचुनाव

    शालीमार बाग-बी वार्ड से पार्षद रहीं रेखा गुप्ता अब दिल्ली की वर्तमान मुख्यमंत्री हैं। उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद यह सीट खाली हो गई थी। वहीं, द्वारका-बी वार्ड से भाजपा पार्षद कमलजीत सहरावत के पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद के रूप में निर्वाचित होने के बाद ये सीट खाली हो गई थी। 

  • 6:48 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    विधानसभा चुनाव के दौरान खाली हुई सीटें

    फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में दिल्ली के कई पार्षदों ने अपनी किस्मत आजमाई थी और जीतने के बाद कुछ पार्षद विधायक बन गए। विधायक बनने के बाद उन्होंने नगर निगम के पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया था। इस वजह से ये वार्ड खाली हो गए और अब इन वार्डों में नए चुनाव कराए जाएंगे। भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों ही इन सीटों पर जीत दर्ज करने की पूरी कोशिश करेंगी।

  • 6:36 AM (IST)
    Posted by Amar Deep

    12 सीटों पर हो रहा उपचुनाव

    राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नगर निगम की 12 सीटों के लिए आज मतदान होगा। चुनाव आयोग ने 12 नगर पार्षदों के रिक्त पदों को भरने के लिए एमसीडी उपचुनाव की तारीखों का पहले ही ऐलान कर दिया था। अधिसूचना जारी होने और नामांकन शुरू होने की तिथि 3 नवंबर और मतदान की तिथि 30 नवंबर रखी गई थी। चुनाव आयोग ने इसके लिए तैयारी पूरी कर ली है और 12 सीटों के लिए आज वोटिंग होगी। एमसीडी चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।